कर्नाटक में ‘ताऊ ते’ चक्रवात का कहर, 73 गांवों में भारी नुकसान, 4 लोगों की मौत
बेंगलुरू। चक्रवात ताऊ ते कर्नाटक के तटीय और मलनाड जिले के आसपास कहर बरपा रहा है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि राज्य में अभी तक इस चक्रवात के कारण चार लोगों की मौत हुई है। कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा रविवार सुबह जारी स्थिति रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कन्नड़, उडुपी, उत्तर …
बेंगलुरू। चक्रवात ताऊ ते कर्नाटक के तटीय और मलनाड जिले के आसपास कहर बरपा रहा है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि राज्य में अभी तक इस चक्रवात के कारण चार लोगों की मौत हुई है। कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा रविवार सुबह जारी स्थिति रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कन्नड़, उडुपी, उत्तर कन्नड़, कोडागु, शिवमोगा, चिकमंगलुरू और हासन जिलों के 73 गांव और 17 तालुका चक्रवात से अभी तक प्रभावित हुए हैं। 73 प्रभावित गांवों में 28 गांव उडुपी जिले के हैं।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कन्नड़, उडुपी, चिकमंगलुरू और शिवमोगा जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। स्थिति रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक 318 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है और 11 राहत शिविरों में 298 लोगों को रखा गया है। इसमें बताया गया कि 112 घर, 139 खंभे, 22 ट्रांसफॉर्मर, चार हेक्टेयर बागान को क्षति हुई है।
मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने रविवार को जिला प्रभारी मंत्रियों तथा उपायुक्त को प्रभावित जिलों में दौरा करने एवं बचाव तथा राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के दफ्तर ने एक बयान में कहा कि येदियुरप्पा ने तटीय जिलों के प्रभारी मंत्रियों तथा उपायुक्तों से रविवार को बात की और स्थिति का जायजा लिया।
बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उनसे चक्रवात से प्रभावित इलाकों का दौरा करने और राहत और बचाव कार्य शुरू करने को कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार से किसी भी आपात सहायता की जरूरत पड़ने पर संबंधित मंत्रियों या उन्हें फोन किया जाए। कर्नाटक आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, रात में मुख्य तौर पर तटीय और मलनाड जिलों में भारी बारिश हुई है। बयान के मुताबिक, आठ जिलों में भारी बारिश हुई है।
इसमें बताया गया कि कर्नाटक के तटीय इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की चेतावनी दी है। हालांकि, आईएमडी ने कहा कि राज्य में रविवार को तटीय और निकटवर्ती घाट वाले जिलों के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
नड्डा ने लोगों की मदद को लेकर भाजपा नेताओं से बात की
नई दिल्ली। चक्रवात ‘ताऊ ते’ के मद्देनजर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को तटवर्ती राज्यों के पार्टी नेताओं से बात की और कहा कि पार्टी के सदस्य लोगों की हरसंभव मदद करेंगे। गोवा, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, दमन और दीव तथा गुजरात के भाजपा के सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों ने नड्डा के साथ डिजिटल माध्यम से वार्ता में शिरकत की। भाजपा अध्यक्ष ने बाद में ट्वीट किया, ”चक्रवात ‘ताऊ ते’ गोवा, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, दमन और दीव तथा गुजरात के तटवर्ती क्षेत्रों की तरफ बढ़ रहा है। प्रभावित इलाके के भाजपा सांसदों, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ राहत कार्यों को लेकर चर्चा की। कोविड-19 निर्देशों का पालन करते हुए हम हरसंभव मदद मुहैया कराएंगे। ”
