हल्द्वानी: गर्भवती महिला की मौत पर निजी अस्पताल में तोड़फोड़
हल्द्वानी, अमृत विचार। गर्भवती महिला की मौत से गुस्साये परिवारजनों ने निजी अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। इससे अस्पताल स्टाफ के साथ ही मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित भीड़ को शांत किया। गौजाजाली उत्तर निवासी 26 वर्षीय आसमा पत्नी राशिद को 2 मई को रामपुर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गर्भवती महिला की मौत से गुस्साये परिवारजनों ने निजी अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। इससे अस्पताल स्टाफ के साथ ही मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित भीड़ को शांत किया।
गौजाजाली उत्तर निवासी 26 वर्षीय आसमा पत्नी राशिद को 2 मई को रामपुर रोड स्थित नीलकंठ अस्पताल भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना जब अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को दी तो वे भड़क उठे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। इस बीच मृतका के पति ने अपने साथियों के साथ अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना पर एसएसपी प्रीति प्रियर्दिशनी, एसपी सिटी डॉ जगदीश चन्द्र, सीओ सिटी शांतनु पारासर, कोतवाल मनोज रतूड़ी अस्पताल पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इस बीच अस्पताल में तोड़फोड़ करने वाले भागने का प्रयास करने लगे। इनमें से एक को पुलिस ने पकड़ लिया। एसएसपी का कहना है कि पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर तोड़फोड़ करने वालों को चिन्हित कर रही है।
अस्पताल के एमडी ने किया बचाव
अस्पताल के एमडी डॉ गौरव सिंघल ने एसएसपी को बताया कि महिला का पीलिया बिगड़ चुका था। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया। उनका कहना था कि मरीज की हालत बिगड़ने की सूचना पूर्व में ही परिजनों को दी जा चुकी थी। डॉ गौरव के अनुसासर उनके साथ भी मारपीट का प्रयास किया गया। तीमारदार और साथी दरवाजे का लॉक तोड़कर केबिन में घुसे। अस्पताल स्टाफ ने किसी तरह उन्हें रोका। उन्होंने कहा कि इस घटना पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
होमगार्ड की त्वरित सूचना से संभले हालात
अस्पताल में हंगामे की सूचना अस्पताल में तैनात होमगार्ड ने पुलिस को दी। होमगार्ड का कहना है कि लोगों की भीड़ के चलते उसे माहौल बिगड़ने का अंदेशा हो गया था। लिहाजा उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दे दी। होमगार्ड की तत्परता के चलते ही अस्पताल में बिगड़े माहौल पर पुलिस समय रहते काबू कर सकी।
