गंगा में बहकर आई लाश का पेट्रोल और टायर डालकर किया अंतिम संस्कार, पांच पुलिसकर्मी निलंबित
बलिया। यूपी के बलिया में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां गंगा में बहती लाशों को निकाल कर अंतिम संस्कार के समय उस पर पेट्रोल छिड़क दिया गया, जिससे वह जल्दी जल जाए। इतना ही नहीं चिता पर लकड़ी के साथ-साथ टायर भी रख दिए गए। इसका …
बलिया। यूपी के बलिया में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां गंगा में बहती लाशों को निकाल कर अंतिम संस्कार के समय उस पर पेट्रोल छिड़क दिया गया, जिससे वह जल्दी जल जाए। इतना ही नहीं चिता पर लकड़ी के साथ-साथ टायर भी रख दिए गए। इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने पांच सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है।
यूपी के बनारस, गाजीपुर और बलिया के अलावा बिहार के कुछ जिलों में भी गंगा नदी में लाशें मिली थीं। प्रशासन ने इन्हें निकलवाकर अंतिम संस्कार का फैसला लिया। कई जगह तो लाशों को गंगा के किनारे ही दफना दिया गया लेकिन बलिया से शर्मनाक वीडियो सामने आया। यहां गंगा नदी से लाशों को निकालने के बाद सही तरीके से उनका अंतिम संस्कार नही किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि चिता पर लकड़ी के साथ टायर रखे गए हैं। शव को जल्दी से जलाने के लिए बीच-बीच में उसपर पेट्रोल भी छिड़का जा रहा है। यह सब सिपाहियों की मौजूदगी मे होता है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो शव के दाह संस्कार में संवेदनहीनता बरतने के प्रकरण के संबंध मेें #spballia की बाइट ।@Uppolice @adgzonevaranasi @digazamgarh pic.twitter.com/o26WY7FJSa
— Ballia Police (@balliapolice) May 18, 2021
एएसपी कर रहे हैं पूरे मामले की जांच
पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा ने मंगलवार को बड़ी कार्यवाई करते हुए संवेदनहीनता के आरोप में फेफना थाने के पांच सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई की जद में आए सिपाहियों पर टायर रखकर और पेट्रोल छिड़ककर शव जलाने का आरोप है। मामले की जांच एएसपी कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शहर से सटे फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर घाट पर बीते 15 मई को लावारिस हाल में एक शव मिला था, जिसे कुत्ते नोच रहे थे। इसकी सूचना मल्लाहों ने पुलिस को दी थी। आरोप है कि इसकी जानकारी होने के बाद फेफना थाने के पांच सिपाही मौके पर पहुंच गए और पुलिसकर्मियों ने शव को लकड़ी के बजाय टायर पर रखकर जला दिया।
इसके बाद उस पर पेट्रोल छिड़का। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जब इसकी जानकारी आला अधिकारियों तक पहुंची तो एसपी ने पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर अपर पुलिस अधीक्षक को जांच सौंप दी।
