शिक्षकों के वेतन देने में लापरवाही का मामला: गाजीपुर के बीएसए के खिलाफ कार्रवाई का आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। शिक्षकों के वेतन जारी करने में लापरवाही बरतने के कारण गाजीपुर के बीएसए और लेखाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी ने वाराणसी, विंध्याचल और प्रयागराज मंडल की समीक्षा बैठक के दौरान साफ किया कि शिक्षकों के वेतन जारी करने में हीलाहवाली करने वाले अधिकारियों …

लखनऊ। शिक्षकों के वेतन जारी करने में लापरवाही बरतने के कारण गाजीपुर के बीएसए और लेखाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी ने वाराणसी, विंध्याचल और प्रयागराज मंडल की समीक्षा बैठक के दौरान साफ किया कि शिक्षकों के वेतन जारी करने में हीलाहवाली करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

मंगलवार को तीन मण्डलों व 11 जिलों के डायट प्राचार्य व बीएसए की वर्चुअल बैठक में उन्होंने कहा कि कई जिलों से शिकायते आई हैं कि अंतिम भुगतान प्रमाणपत्र (एलपीसी) भेजने में बीएसए देरी कर रहे हैं, ऐसे अधिकारियों को चिह्नित कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, बैठक में मृतक शिक्षकों एवं कर्मचारियों के देय के तत्काल भुगतान करने का निर्देश दिया गया।

सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन का जल्द भुगतान किया जाए

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री ने 69 हजार भर्ती के अंतर्गत नवनियुक्त शिक्षकों के प्रमाण पत्र के सत्यापन और वेतन भुगतान की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इस प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों के पेंशन, जीपीएफ और बीमा का अविलंब भुगतान किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि जांच में फर्जी पाए गए शिक्षकों के खिलाफ जल्द एफआईआर की जाए और वेतन रिकवरी की कार्रवाई तेज की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कोविड से संबंधित कार्यों में गर्भवती महिला शिक्षकों या ऐसी शिक्षिकाएं जिनके छोटे बच्चे हैं या वो खुद बीमार हैं। उनकी ड्यूटी ना लगाई जाए।

 

 

संबंधित समाचार