बरेली: दहेज में भैंस नहीं मिलने पर चढ़ा ससुराल वालों का पारा, फिर जो हुआ आप भी जानिए
बरेली,अमृत विचार। शीशगढ़ की रहने वाली एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता की मानें तो ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे और उसके भाई को बुरी तरह पीटा। युवती की शादी थाना शीशगढ़ के रहने वाले हरिओम से साल 2018 में हुई थी। विवाहिता के परिवार वालों ने …
बरेली,अमृत विचार। शीशगढ़ की रहने वाली एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता की मानें तो ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे और उसके भाई को बुरी तरह पीटा। युवती की शादी थाना शीशगढ़ के रहने वाले हरिओम से साल 2018 में हुई थी।
विवाहिता के परिवार वालों ने दहेज में 50 हजार रुपये नगद समेत एक सोने की अंगूठी, एक बाइक और डेढ़ लाख रुपये कीमत का घरेलू सामान दिया था। लेकिन पति और सास-ससुर इससे संतुष्ट नहीं थे और विवाहिता से दहेज में 70 हजार रुपये के साथ एक भैंस की मांग करने लगे। यह बात विवाहिता ने अपने भाईयों और माता-पिता को बताई तो उन्होंने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया।
इसके बाद जब पीड़िता का भाई रामभरोसे बीती 15 तारीख को अपने बेटे के नामकरण के लिए बहन को बुलावा देने आया लेकिन ससुराल वालों ने भेजने से मना कर दिया। साथ ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दे डाली।
आरोप है कि पीड़िता और उसके भाई की रिपोर्ट थाने में नहीं लिखी गई और न ही उसका मेडिकल ही कराया गया। केवल महिला के पति का शांति भंग में चालान किया। लिहाजा अब पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से ससुराल वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिसके बाद अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।
