बरेली: ग्रामीण क्षेत्रों में मिले कोरोना संक्रमित तो वहीं होगा उपचार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोविड-19 के प्रसार के प्रबंधन के लिए अब कोविड ग्रामीण स्तर पर केयर सेंटर, हेल्थ सेंटर और हॉस्पिटल बनाए जाएंगे। यह पूर्णत: कोविड समर्पित होंगे। इन सेंटरों में कोविड से निपटने के सारे इंतजाम होंगे। शुरूआत में कोविड के अधिक मामले शहरों में देखने को मिल रहे थे, लेकिन धीरे धीरे इसका …

बरेली, अमृत विचार। कोविड-19 के प्रसार के प्रबंधन के लिए अब कोविड ग्रामीण स्तर पर केयर सेंटर, हेल्थ सेंटर और हॉस्पिटल बनाए जाएंगे। यह पूर्णत: कोविड समर्पित होंगे। इन सेंटरों में कोविड से निपटने के सारे इंतजाम होंगे।

शुरूआत में कोविड के अधिक मामले शहरों में देखने को मिल रहे थे, लेकिन धीरे धीरे इसका ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रसार देखा जा रहा है। विशेष रूप से पंचायत चुनावों के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड -19 के मामलों में बाढ़ आ गई है। इससे निपटने के लिए अब ग्रामीण स्तर पर कोविड केयर सेंटर, हेल्थ सेंटर और हास्पिटल बनाने की योजना बनाई जा रही है।

सीएमओ डा.एसके गर्ग ने बताया कि सभी सीएचसी व पीएचसी पर कोविड केयर सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। जरूरत के मुताबिक नए सेंटर बनाए जाने पर भी मंथन चल रहा है। बताया कि कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ग्रामीण स्तर पर फ्रंटलाइन वर्कर द्वारा सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार आदि लक्षण मिलने वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा रही है।

उन्हें मेडिकल किट उपलब्ध कराई जा रही है। किट के साथ दिए जा रहे पर्चे में दवाईयों के सेवन करने का तरीका और दिन भी अंकित है, जिससे लोगों को दवा सेवन करने में किसी तरह की कोई परेशानी न हो। मेडिकल किट के साथ लक्षण युक्त व्यक्ति को कोविड की जांच के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच भी कराई जाएगी।

हल्के लक्षण वाले मरीजों को किया जाएगा आईसोलेट
ग्रामीण स्तर पर बनाए जाने वाले इन केंद्रों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार कोविड केयर सेंटर 30 बेड होगा। वहां पर बिना लक्षण और हल्के लक्षण वाले कोविड मरीजों को रखा जाएगा। यह एक तरह का आईसोलेशन वार्ड होगा। जिन गांव के घरों में आईसोलेशन की व्यवस्था नहीं होगी, उन मरीजों को वहां रखा जाएगा। यहां उपचाराधीन लोगों को सांस संबंधी समस्याएं और ऑक्सीजन स्तर की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी।

सीएचओ होंगे नोडल अफसर
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सीएचसो, एएनएम कार्यकर्ता आदि को कोविड केयर सेंटर का नोडल नियुक्त किया जाएगा। वहीं आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इनका सहयोग करेंगी। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता समिति और शहरी क्षेत्र में महिला आरेाग्य समिति द्वारा इन केंद्रों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। यह केंद्र समीप के प्राथमिक या हेल्थ एंड वेलनेंस सेंटर की निगरानी में रहेंगे। पंचायत आवश्यकता के आधारपर सफाई कर्मचारी भी नियुक्त करेगी।

24 घंटे ऑक्सीजन व लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की व्यव्स्था रहेगी मौजूद
यह केंद्र स्कूल, कम्युनिटी हाल, विवाह गृह, पंचायत भवन आदि उन जगहों पर बनाया जाएगा जहां हवा के आवागमन, स्वच्छता और स्वच्छ शैचालय आदि की व्यवस्था हो। कोविड केंयर सेंटर पर 24 घंटे पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्धता के साथ एक बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भी होगी। जिससे आवश्यकता पड़ने पर गंभीर मरीजों को उचित उपचार के लिए किसी दूसरे उच्च स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर किया जा सकेगा।

संबंधित समाचार