मुरादाबाद : चिंताजनक… ब्लैक फंगस को लेकर विभाग की नहीं तैयारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना वायरस के बाद आई ब्लैक फंगस नाम की मुसीबत ने लोगों में नया खौफ पैदा कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ इस संक्रमण से लड़ने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा अब तक कोई तैयारी नहीं की गई है। यह हाल तब है, जबकि इस बीमारी के नगर में नौ मामले आ …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना वायरस के बाद आई ब्लैक फंगस नाम की मुसीबत ने लोगों में नया खौफ पैदा कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ इस संक्रमण से लड़ने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा अब तक कोई तैयारी नहीं की गई है। यह हाल तब है, जबकि इस बीमारी के नगर में नौ मामले आ चुके हैं तथा बिलारी में एक मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद अभी तक सरकारी अस्पताल में कोई योजना तक नहीं बनाई गई है।
फिलहाल ब्लैक फंगस को लेकर सरकारी अस्पताल में व्यवस्थाओं के नाम पर बस खानापूर्ती ही देखने को मिल रही है। यहां न तो दवाएं उपलब्ध हैं, न ही मरीजों के इलाज के लिए ठीक व्यवस्था है। अगर स्थिति यह ही रही तो आने वाले दिनों में मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जबकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सरकार की ओर से इसको लेकर अभी कोई गाइडलाइन नहीं आई है। जनपद में जो मरीज पाए गए हैं, उनका उपचार निजी अस्पतालों में किया जा रहा है। इसके साथ ही वहां पर लोगों को दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नहीं निर्धारित किए गए केंद्र
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कोरोना की तरह इसके लिए सरकार की ओर से केंद्र भी निर्धारित नहीं किए गए हैं। ब्लैक फंगस दस दिन पहले जनपद में दस्तक दे चुका है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार अस्पताल में उपलब्ध नहीं दवाईयां
सरकारी अस्पताल में अभी तक ब्लैक फंगस के लिए केवल फिलूकोनाजोल नामक दवा ही उपलब्ध है। इसके अलावा अन्य कोई दवा यहां पर नहीं है। ऐसे में प्रश्न उठता है कि ये जिम्मेदार कैसे इस बीमारी से ग्रस्त लोगों का इलाज कर सकेंगे।
एसीएमओ जीएस मारतोलिया ने कहा कि पिछले दिनों कुछ लोगों में ब्लैक फंगस के लक्षण पाए गए थे। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इसके साथ इन मरीजों को दवाएं भी वहां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चीफ फार्मासिस्ट एसपी सिंह ने कहा कि ब्लैक फंगस के लिए अभी फिलूकोनाजोल दवा ही उपलब्ध है। बाकी दवाईयां सरकार द्वारा उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। जल्द ही आने की उम्मीद है।
