यूपी: कोरोना से है जंग, हार नहीं मानेंगे हम… रिकवरी रेट बढ़कर 92.5 प्रतिशत, 7735 नए मामले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण के नये मामलों में कमी और स्वस्थ होने वाले मरीजों की तादाद में निरंतर बढोत्तरी के चलते महामारी की रिकवरी दर में लगातार सुधार हो रहा है और अब यह बढ़कर 92.5 प्रतिशत हो गया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कोरोना …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण के नये मामलों में कमी और स्वस्थ होने वाले मरीजों की तादाद में निरंतर बढोत्तरी के चलते महामारी की रिकवरी दर में लगातार सुधार हो रहा है और अब यह बढ़कर 92.5 प्रतिशत हो गया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 7735 मामले प्रकाश में आये हैं जबकि 17,668 कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को उपचार के पश्चात डिस्चार्ज किया गया है। प्रदेश में अब कोरोना के कुल एक्टिव मामलों की संख्या 1,03,276 है। परिणामस्वरूप प्रदेश में 30 अप्रैल को दर्ज किए गए कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक एक्टिव मामलों 3,10,783 में 68 प्रतिशत की कमी आयी है।
उन्होंने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर में निरन्तर वृद्धि हो रही है। वर्तमान में यह दर बढ़कर 92.5 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों में राज्य में 2,89,210 टेस्ट सम्पन्न किए गए हैं। प्रदेश में अब तक चार करोड़ 61 लाख 12 हजार 448 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि पिछले 24 घंटे में 172 और मरीजों की मौत के बाद अब तक राज्य में कुल 18,760 संक्रमितों की मौत हुई है जबकि 7,735 नये मरीजों के मिलने के बाद अब तक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 16,59,212 हो गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 30 अप्रैल को सबसे ज्यादा हो गई थी और उसके बाद अब तक 68 फीसद की कमी आई है। उन्होंने कहा कि राज्य में तेजी से संक्रमण की दर कम हो रही है और मरीजों के स्वस्थ होने का प्रतिशत 92.5 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 दिनों में राज्य के सक्रिय मामलों में 68 फीसद की कमी आई है, 30 अप्रैल को 3,10,783 सक्रिय मामले थे जो अब घटकर 1,06,276 हो गए हैं।
सहगल ने कहा वर्तमान में राज्य में 1,06,276 सक्रिय मामले हैं और अब तक 15,34,176 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में जहां 7,735 नये मरीज मिले वहीं 17,668 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर गये हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 1,06,276 सक्रिय मामलों में 72,547 पृथकवास में अपना उपचार करा रहे हैं।
यहां जारी एक स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है कि ताजा मौतों में सबसे ज्यादा 15 वाराणसी से, 12 लखनऊ से, 11 सहारनपुर से हैं और जहां तक नये मामलों की बात है तो गाजियाबाद से सबसे ज्यादा 1003, गोरखपुर से 892, मेरठ से 427, गौतमबुद्ध नगर से 394, सहारनपुर से 287, लखनऊ से 286, वाराणसी से 229 मामले सामने आए है। सहगल ने कहा कि बृहस्पतिवार को राज्य में 2.89 लाख से ज्यादा कोरोना नमूनों की जांच की गई और अब तक 4.61 करोड़ से अधिक परीक्षण हो चुका है।
उन्होंने कहा कि राज्य में एंटी-कोरोनावायरस टीकाकरण अभियान चल रहा है और अब तक लोगों को 1.58 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं जिनमें 1.25 करोड़ से अधिक लोगों को पहली खुराक मिली है और 33 लाख से अधिक लोगों को दूसरी खुराक भी मिली है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कोरोना प्रबंधन की समीक्षा करते हुये कहा कि पोस्ट कोविड अवस्था में ब्लैक फंगस के संक्रमण की समस्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के परामर्श के अनुरूप सरकार सभी मरीजों के समुचित चिकित्सकीय उपचार की व्यवस्था कर रही है। कोविड की तर्ज पर ब्लैक फंगस को भी अधिसूचित बीमारी घोषित किया जा रहा है। इस संबंध में आदेश आज ही जारी कर प्रभावी करा दिया जायेगा। इसकी दवा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने कहा कि गांवों को कोरोना से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संचालित वृहद टेस्टिंग अभियान के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। निगरानी समितियों और आरआरटी टीमें बहुत सराहनीय कार्य कर रही हैं। आज जबकि प्रदेश में संक्रमण दर लगातार कम होता जा रहा है, ऐसे में इस प्रक्रिया को मिशन रूप में लिए जाने की जरूरत है। सभी गांवों में जागरूकता बढ़ाई जाए। ऐसे प्रयास हों जिससे ‘कोरोना मुक्त गांव’ के संदेश को हर ग्रामवासी अपना लक्ष्य बनाए।
योगी ने कहा “मेरा गांव- कोरोना मुक्त गांव” के संदेश के अनुरूप पुलिस विभाग ने मेरी लाइन-कोरोना मुक्त लाइन का संकल्प लिया है। यह प्रयास प्रेरणास्पद है। सभी के सहयोग से ही प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। कोरोना पर विजय प्राप्त करने में चिकित्साकर्मियों, पुलिसकर्मियों, स्वच्छताकर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहनों सहित प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शीघ्र ही प्रारंभ होने वाला है। बीते दो-तीन दिनों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई है। किसी भी क्षेत्र में जलभराव न हो, इसके बेहतर प्रबन्ध किये जायें। जलजभराव औए गंदगी तमाम बीमारियों के प्रसार का कारक होती है। ऐसे में घनी आबादी वाले क्षेत्रों और स्वास्थ्य केंद्रों के आस-पास विशेष स्वच्छता और सैनीटाइजेशन का अभियान चलाया जाना आवश्यक है। नगर विकास और ग्राम्य विकास विभाग इस संबंध में कार्यवाही सुनिश्चित कराएं।
