बरेली: अगर भूल गए हैं एटीएम कार्ड लाना…कोई बात नहीं, इस तरह भी निकाल सकते हैं रुपये
बरेली,अमृत विचार। पंजाब नेशनल बैंक के ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। बैंक ने एटीएम कार्ड के जरिये होने वाली जालसाजी खत्म करने के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। इसके लिए जरूरी है कि ग्राहक मोबाइल या इंटरनेट बैंकिंग करना जानता हो। नई व्यवस्था में बिना एटीएम कार्ड के ग्राहक पीएनबी के एटीएम …
बरेली,अमृत विचार। पंजाब नेशनल बैंक के ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। बैंक ने एटीएम कार्ड के जरिये होने वाली जालसाजी खत्म करने के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। इसके लिए जरूरी है कि ग्राहक मोबाइल या इंटरनेट बैंकिंग करना जानता हो। नई व्यवस्था में बिना एटीएम कार्ड के ग्राहक पीएनबी के एटीएम से 10 हजार रुपये निकाल सकते हैं।
जिले में पीएनबी के करीब 30 एटीएम हैं। अफसरों के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत खाताधारक को इंटरनेट या मोबाइल बैंकिंग पर लॉगइन करके कार्डलेस कैश विकल्प पर जाना होगा। इसके बाद वैल्यू एडेड सर्विस, कार्ड रिलेटेड सर्विस और फिर कार्डलेस कैश विड्राल विकल्प पर जाने के बाद अपना एकाउंट नंबर डालना होगा।
इसके बाद एक चार डिजिट का पिन जनरेट होगा। यह पिन ग्राहक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आएगा। उसके सत्यापन के बाद ग्राहक को 12 डिजिट का रेफरेंस नंबर मिलेगा। इसके बाद संबंधित ग्राहक एटीएम बूथ जाएगा और एटीएम की स्क्रीन पर कार्डलेस कैश विड्राल विकल्प चुनेगा। इसके बाद 12 डिजिट का रेफरेंस नंबर और चार डिजिट वाला पिन डालना होगा। इसके बाद कैश निकल जाएगा। पिन दो घंटे के लिए वैलिड होगा। दो घंटे बाद फिर नया पिन जनरेट करना होगा।
पीएनबी के डीजीएम हरिमोहन मीना ने बताया कि नई व्यवस्था से डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा तो मिलेगा ही। साथ में एटीएम कार्ड के जरिये होने वाले फ्रॉड पर भी अंकुश लग सकेगा। एक दिन में न्यूनतम एक हजार और अधिकतम 10 हजार रुपये तक निकाल सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इससे एटीएम कार्ड लेकर चलने का झंझट भी नहीं रहेगा। कोई पिन नंबर का भी गलत इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। एक दिन में पांच लेनदेन किए जा सकते हैं। हालांकि यह सुविधा अभी किसी अन्य बैंक ने शुरू नहीं की है, लेकिन जल्द सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों में इस सुविधा के शुरू करने की बात कही जा रही है।
