पूरनपुर: पेट्रोलपंप के सेल्समैनों से 50 हजार व मोबाइल लूटा, विरोध करने पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूरनपुर, अमृत विचार। मामूली विवाद पर एक दर्जन अज्ञात लोगों ने मंगलवार को पेट्रोल पंप के सेल्समैनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे वह घायल हो गए। बदमाश 50 हजार रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। कार्रवाई के लिए प्रभारी निरीक्षक को मामले की तहरीर दी गई है। रिपोर्ट …

पूरनपुर, अमृत विचार। मामूली विवाद पर एक दर्जन अज्ञात लोगों ने मंगलवार को पेट्रोल पंप के सेल्समैनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे वह घायल हो गए। बदमाश 50 हजार रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। कार्रवाई के लिए प्रभारी निरीक्षक को मामले की तहरीर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज न होने पर पेट्रोलपंप के सेल्समैनों ने पेट्रोलपंप बंद कर दिया और हड़ताल पर चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव बैगपुर निवासी रंजीत सिंह का पीलीभीत रोड पर पेट्रोल पंप है। गांव खमरिया निवासी कामता प्रसाद व दो अन्य पेट्रोल पंप पर सेल्समैन हैं। मंगलवार को कार व बाइक सवार एक दर्जन अज्ञात लोग पंप पहुंचे। सेल्समैन से पेट्रोल डलवाने को लेकर विवाद हो गया। सभी ने सेल्समैन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर सेस्समैन कामता और दो अन्य को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और कामता के जेब में रखे तेल बिक्री के 50 हजार रुपये व एक मोबाइल लूट लिया। सभी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर खलबली मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रत हो गए।

सेल्समैनों ने मामले की सूचना पेट्रोल पंप मालिक रंजीत सिंह को दी। सूचना पर डायल 112 पीआरवी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज न होने पर पेट्रोल पंप के सभी सेल्समैन बिक्री बंद करके घर चले गए। पुलिस के रवैये से सेल्समैनों में रोष है। घटना के बाद पेट्रोल पंप एसोसिएशन में भी काफी रोष है।

मेरे पेट्रोल पंप पर जिस तरह से गुंडागर्दी की गई है उसके चलते पेट्रोल पंप का संचालन नहीं कर पा रहा हूं। पिटाई के बाद कर्मचारी पम्प के ताले बंद करके चले गए हैं। पुलिस इतनी बड़ी घटना की रिपोर्ट भी नहीं लिख रही है जो कि गलत है। हम सब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। -रंजीत सिंह, स्वामी समर्थ फिंलिंग स्टेशन पूरनपुर

पेट्रोल पंप पर मारपीट व लूट की घटना के चलते कर्मचारी व पेट्रोल पंप मालिकों में दहशत है। सरेआम बदमाशों ने कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है और उनसे नगदी छीनी गई है। फिर भी पुलिस रिपोर्ट नहीं लिख रही है। इसके विरोध में हड़ताल करते हुए सभी पेट्रोल पंप बंद करा दिए जाएंगे। आज भी समर्थ फिंलिंग सहित पांच पेट्रोल पंप बंद हैं। यह मामला राष्ट्रीय यूनियन के समक्ष भी उठाया गया है। -श्रीकांत सिंह, अध्यक्ष, पेट्रोल पंप डीलर्स एसोशिएशन पूरनपुर।

पेट्रोल पंप हुई लूट की घटना की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है, आरोपियों की तलाश के लिए टीम को लगाया गया है। शीघ्र ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। -हरीश बर्द्धन सिंह राठौर, प्रभारी निरीक्षक, पूरनपुर।

संबंधित समाचार