शाहजहांपुर में अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में बाइक सवार महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। निगोही में देवर के साथ जा रही महिला को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। वहीं नेशनल हाईवे पर लखीमपुर खीरी क्षेत्र में हुए हादसे में रोजा के गांव पींग निवासी युवक की जान …
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में बाइक सवार महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। निगोही में देवर के साथ जा रही महिला को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया।
वहीं नेशनल हाईवे पर लखीमपुर खीरी क्षेत्र में हुए हादसे में रोजा के गांव पींग निवासी युवक की जान चली गई। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
निगोही क्षेत्र के गांव लोहरगवां निवासी अफसर की पत्नी बरीशा(28) गुरूवार सुबह देवर नासिर के साथ बाइक पर से अपने मायके थाना सिंधौली के गांव नगरा से लौट रहीं थीं। दूसरी बाइक पर बारीशा का पति अफसर अकेले था।
नासिर बाइक लेकर पुवायां रोड पर हमजापुर चौराहा गुरूद्वारा के पास पहुंचा, तभी पीछे से बस आ गई और उसने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
इससे बारीशा बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गई। इतने में बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। जिससे बारीशा की मौके पर ही मौत हो गई। देवर को मामूली चोटें आईं। चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया। बरीशा की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन घायल को लेकर पहुंचे मेडिकल कॉलेज
वहीं रोजा के गांव पींग निवासी सर्वेश (42) की बाइक बुधवार रात हाईवे पर लखीमपुर खीरी के उचौलिया के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रात होने की वजह से वह पूरी रात वहीं पड़ा रहा। तड़के एक ग्रामीण उधर से गुजरा, तब उसके जरिये परिवार वालों तक सूचना पहुंची।
परिजन घायल को लेकर यहां मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वह एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वहां से लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के छह बेटी और एक बेटा है। छह बेटियों मं दो की शादी हो चुकी है। इकलौता बेटा अभी दस वर्ष का है। पत्नी बीना के सामने सयानी हो रहीं बेटियों की शादी की जिम्मेदारी अकेले आ गई है।
