बरेली: पूर्व प्रधान, उसका बेटा और दामाद गिरफ्तार, गया जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रधान हत्याकांड में पुलिस ने बाप, बेटे और दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में फरार दो हत्यारोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। इन सब के बीच प्रधान की पत्नी और गांव के लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे और एसएसपी से …

बरेली, अमृत विचार। प्रधान हत्याकांड में पुलिस ने बाप, बेटे और दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में फरार दो हत्यारोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। इन सब के बीच प्रधान की पत्नी और गांव के लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे और एसएसपी से मांग की कि वह उस युवती को भी जेल भेजें जिसने इस हत्या के लिए मुखबिरी की थी। गांव के लोगों का कहना है कि प्रधान की मौत के बाद गांव की प्रधानी उसकी पत्नी को सौंपी जानी चाहिए।

20 मई की शाम पांच बजे कैंट के परगवां गांव निवासी प्रधान इशहाक पत्नी शकीना के साथ दवा लेकर लौट रहा था। तभी गांव के ही मोहर सिंह, उसका बेटा अनुराग, दामाद भगवत पटेल, रतनलाल और उसके बेटे राहुल ने घेरकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने जांच में पाया कि मोहर सिंह, अनुराग और भगवत पटेल के साथ दूसरे गांव के भी दो लोग वारदात में शामिल थे। पुलिस ने गुरुवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं रतनलाल और उसके बेटे के वारदात में शामिल होने का कोई साक्ष्य नहीं मिला। पुलिस ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वारदात में रतनलाल और राहुल भी थे शामिल, मददगार युवती भी जाए जेल
जिन्हें पुलिस बेगुनाह मान रही है। उन्हें प्रधान की पत्नी गुनहगार मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। उसकी पत्नी का कहना है कि हत्यारोपियों से बात करने वाली युवती की भी गिरफ्तारी होनी चाहिए। इसके साथ ही गांव के लोगों का कहना है कि प्रधान की मौत के बाद उसकी पत्नी को प्रधानी दी जाए।

मुकदमे में शामिल रतनलाल और राहुल को पुलिस ने वारदात वाले दिन की शाम को ही हिरासत में ले लिया था। लेकिन उनके वारदात में शामिल होने के साक्ष्य नहीं मिले थे। इसलिए पुलिस ने उन्हें जेल नहीं भेजा। न ही पकड़े गए मोहर सिंह उसके बेटे और दामाद ने ही उनके शामिल होने का जिक्र किया है।

प्रधान की पत्नी को जब यह पता चला कि पुलिस रतन लाल और राहुल को छोड़ने जा रही है तो गुरुवार को प्रधान की पत्नी उसकी बहन और गांव के तमाम लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे और बताया कि राहुल मौके पर था। वह वारदात के बाद अपने घर चला गया। इसके साथ ही जिस युवती ने प्रधान की मुखबिरी की थी। उसे भी गिरफ्तारी करने की मांग की गई है। एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही पुलिस फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लेगी।

फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जो लोग दोषी हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार