हरदोई: फेसबुक पर हुआ प्यार, युवती ने कर दिए सात समुंदर पार, प्रेमी पर जब पड़ी आर्थिक मार, उतरा प्यार का बुखार
हरदोई, अमृत विचार। यूं तो कहा जाता है कि प्यार के बीच कोई भी सरहद नहीं होती और इसी तर्ज पर शायद भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में एक गाना भी बनाया जा चुका है, आपने सुना भी होगा “सात समंदर पार मैं तेरे पीछे पीछे आ गई” कुछ इसी तर्ज पर फेसबुक से हुई दोस्ती इश्क़ …
हरदोई, अमृत विचार। यूं तो कहा जाता है कि प्यार के बीच कोई भी सरहद नहीं होती और इसी तर्ज पर शायद भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में एक गाना भी बनाया जा चुका है, आपने सुना भी होगा “सात समंदर पार मैं तेरे पीछे पीछे आ गई” कुछ इसी तर्ज पर फेसबुक से हुई दोस्ती इश्क़ में तब्दील हो गई और लड़की 4,622 किलोमीटर दूर से अपने प्रेमी के पास चली आई। मगर लॉकडाउन के दौरान जब लड़के पर आर्थिक मार पड़ी तो विदेशी लड़की का प्यार का बुखार उतर गया और वह घर वापसी के लिए अपने परिजनों से मदद मांगने लगी।
दरअसल मामला हरदोई जनपद के मझिला थाना क्षेत्र का है। यहां के एक युवक पवन की दोस्ती फिलीपींस की एक लड़की एडना से हो गई। फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती इश्क़ में इस तरह तब्दील हो गई कि युवती अपना देश घर परिवार सब कुछ छोड़कर प्रेमी युवक पवन के पास हरदोई चली आई। आने बाद से वह पवन के साथ ही रहने लगी। कुछ समय बाद जब कोविड जैसी वैश्विक महामारी के आने पर सरकार को लॉकडाउन लगाना पड़ा जिसकी वजह से लाखों लोग बेरोजगार हो गए।
जब पवन की आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी तो युवती के ऊपर से इश्क़ का बुखार धीरे धीरे उतरने लगा। जब समस्याएं बढ़ने लगीं तो युवती ने अपने परिजनों से सम्पर्क कर घर वापसी के लिए मदद मांगने लगी। उसके बाद फिलीपींस में रह रहे युवती के परिजनों ने दूतावास से संपर्क किया। फिलीपींस के दूतावास के अधिकारियों ने जनपद के प्रशासन से संपर्क कर युवती को ढूंढ निकाला। उसके बाद प्रशासन के लोग उसे लेने गांव पहुंच गए। हालांकि युवती अपने घर जाना चाहती थी मगर उसे अपने प्रेमी की भी चिंता थी कि उसे किसी भी प्रकार की यातनाएं ना दी जाएं और प्रशासन ने युवती को दूतावास के अधिकारियों के साथ रवाना कर दिया।
फिलीपींस की युवती का कहना है की वह अगस्त 2019 को हरदोई के रहने वाले पवन के पास आई थी। एक साल बीतने के बाद लॉकडाउन के चलते पवन की आर्थिक स्थिति खराब हो गई तो उसे रहने में समस्या होने लग गई इस लिए वह अपने देश फिलीपींस जाना चाहती है। साथ ही उसने यह भी बताया कि उसका भारत के लिए वीजा केवल एक वर्ष का ही था मगर लॉकडाउन की वजह से घर वापसी ना कर सकी।
इस पूरे प्रकरण में एएसपी पश्चिमी कपिल देव का कहना है कि अगस्त 2019 में फिलीपींस की एडना नामक युवती भारत भ्रमण पर आई थी और मझिला थाना क्षेत्र के निवासी पवन से युवती की दोस्ती हो गई थी। दिल्ली व पवन के गांव में रहने के बाद लॉकडाउन के समय मे युवती के वीजा और पासपोर्ट की अवधि समाप्त हो गई थी। फिलीपींस एम्बेसी को इसकी सूचना विदेशी युवती के द्वारा दी गई थी।
जिसके बाद एम्बेसी से आए हुए लोगों के साथ युवती को भेज दिया गया है और साथ ही पवन नामक युवक को नोटिस दिया गया है। जिसमे उनसे यह जानकारी स्पष्ट रूप में मांगी गई है कि विदेश से आई युवती के संबंध में उसके द्वारा प्रशासन को सूचना क्यों नहीं दी गई।
