बाराबंकी: फर्जी गुरुजी को पुलिस ने भेजा जेल, दूसरे के कागजातों पर प्राथमिक विद्यालय में कर रहे थे नौकरी
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में थाना प्रभारी सुबेहा ने जाली कागजातों के माध्यम से शिक्षक की नौकरी करने वाले कलयुगी गुरुजी को धर दबोचा। थाना प्रभारी ने धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज करके फर्जी शिक्षक को जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष खण्ड शिक्षा अधिकारी हैदरगढ़ …
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में थाना प्रभारी सुबेहा ने जाली कागजातों के माध्यम से शिक्षक की नौकरी करने वाले कलयुगी गुरुजी को धर दबोचा। थाना प्रभारी ने धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज करके फर्जी शिक्षक को जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष खण्ड शिक्षा अधिकारी हैदरगढ़ नवाब सिंह वर्मा को यह जानकारी मिली थी कि प्राथमिक विद्यालय गुलामाबाद में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्य कर रहे सुरेन्द्रनाथ पुत्र मुनेश्वर प्रसाद दूसरे के दस्तावेजों को लगा करके सरकारी अध्यापक की नौकरी कर रहे हैं।
खण्ड शिक्षा अधिकारी ने बीते वर्ष 15 जुलाई को थाना सुबेहा में जाकर सुरेन्द्रनाथ के विरुद्ध जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी ने जांच पड़ताल शुरु की लेकिन इधर एक पखवारा पूर्व अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने थाना प्रभारी सुबेहा संतोष कुमार को फर्जी शिक्षक की गिरफ्तारी करने के आदेश दिये थे।
इसी आदेश के तहत थाना प्रभारी संतोष कुमार ने जनपद बस्ती के थाना कप्तानगंज के ग्राम बेलसड़ निवासी रामराज विश्वकर्मा पुत्र स्व. भीखा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। घटना के बारे में थाना प्रभारी सुबेहा ने बताया कि रामराज विश्वकर्मा दूसरे के कागजातों के सहारे शिक्षा विभाग के अधिकारियों को गुमराह करके प्राथमिक विद्यालय गुलामाबाद में बच्चों को शिक्षित कर रहा था।
उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गये फर्जी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस पूरे मामले में खण्ड शिक्षा अधिकारी हैदरगढ़ नवाब वर्मा से जानकारी करने का प्रयास किया गया तो उनसे सम्पर्क नही हो सका।
