बरेली: मुफ्त राशन लेने को लगीं लंबी-लंबी कतारें, सोशल डिस्टेंसिंग धड़ाम
बरेली, अमृत विचार। जिले में गुरूवार को प्रधानमंत्री की पीएमजीकेएवाई योजना के तहत मुफ्त राशन का वितरण शुरू हो गया। पहले दिन सस्ता गल्ला दुकानों पर काफी भीड़ देखने को मिली लंबी-लंबी लाइनों में लगकर लोगों ने राशन लिया। सुभाषनगर, पुराना शहर, जोगी नवादा, चक महमूद, बानखाना, शाहबाद आदि स्थानों पर राशन लेने के लिए …
बरेली, अमृत विचार। जिले में गुरूवार को प्रधानमंत्री की पीएमजीकेएवाई योजना के तहत मुफ्त राशन का वितरण शुरू हो गया। पहले दिन सस्ता गल्ला दुकानों पर काफी भीड़ देखने को मिली लंबी-लंबी लाइनों में लगकर लोगों ने राशन लिया। सुभाषनगर, पुराना शहर, जोगी नवादा, चक महमूद, बानखाना, शाहबाद आदि स्थानों पर राशन लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हुई। सुबह 7:00 बजे से ही कोटेदारों ने राशन का वितरण शुरू कर दिया। बता दें कि प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 15 जून तक बरेली में 33 लाख लाख यूनिट पर राशन वितरण होगा। इसके बाद जून, जुलाई और अगस्त में राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले राशन का मुफ्त वितरण किया जाएगा। बता दें कि बीते माह प्रदेश सरकार ने भी अगस्त तक मुफ्त राशन देने का ऐलान किया था। बरेली जिले में 791779 राशन कार्ड हैं। जिनमें नगरीय क्षेत्र में 228661 और ग्रामीण क्षेत्र में 563118 राशन कार्ड हैं। एआरओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि टीमें राशन वितरण की निगरानी कर रही हैं। कोटेदार कोरोना काल में पूरी मेहनत के साथ लगे हुए हैं।
राशन लेने के लिए भूले कोविड प्रोटोकॉल
गुरूवार को पुराना शहर के चक महमूद और जोगीनवादा इलाके में वितरण के पहले दिन राशन लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। राशन लेने के लिए सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा था। लोग मुफ्त राशन लेने के चक्कर में कोरोना के खतरे से भी बेखबर दिखाई दिए। यह पहला मौका नहीं है जब राशन लेने के लिए इस तरह की भीड़ लग रही हो। रोजागर बंद होने की वजह से हर कोई सरकार द्वारा दिए जा रहे मुफ्त राशन की तरफ भाग रहा है जिसकी वजह से राशन की दुकानों पर भीड़ जुट रही है।
“पीएमजीकेएवाई योजना के तहत राशन का वितरण 15 जून तक कराया जा रहा है। इसके बाद राज्य सरकार द्वारा नियमित रूप से दिए जाने वाले राशन का मुफ्त वितरण जुलाई और अगस्त में भी चलेगा। कोटोदारों की गड़बड़ियों पर नजर रखी जा रही है। अभी कहीं से घटतौली की शिकायत नहीं आई है।” -धर्मेंद्र सिंह, एआरओ
कोटेदार पर घटतौली का आरोप, कार्ड धारकों ने काटा हंगामा
बानखाना इलाके में नीम की मठिया के पास मौजूद एक राशन की दुकान का है। गुरूवार को यहां का कोटेदार अनिल खंडेलवाल ने राशन का वितरण शुरू किया तो कार्ड धारक हंगामा करने लगे। आरोप लगाया कि कोटेदार प्रति यूनिट आधा किलो से एक किलो कम राशन तौल रहा है। लोगों की माने तो यह पहला मौका नहीं जब कोटेदार पर इस तरह के आरोप लगे हों इससे पहले भी कई बार घटतौली की शिकायत कर चुके हैं। जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पार्षद शमीम अहमद मौके पर पहुंचकर कोटेदार से घटतौली की वजह पूछी। कोटेदार ने कहा कि उठान के दौरान ही उन्हें कम राशन मिल रहा है। बताया जाता है कि उक्त दुकानदार के पास तकरीबन 500 राशन कार्ड हैं। अगर प्रति यूनिट 500 ग्राम भी काटा गया तो एक बड़ी डंडी गरीबों के हक पर मारी जाती है। हालांकि काफी हंगामे के बाद कोटेदार ने कार्ड धारकों को पूरा राशन दिया।

