पीलीभीत: छोछक लेकर जा रहे लोगों की ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, 19 घायल
बीसलपुर/पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत में बेटी के घर जन्मी कन्या के लिए छोछक लेकर जा रहे परिवार के 19 लोग ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से घायल हो गए। नौ की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल भेजा गया है। नगर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में पानी की टंकी के पास रहने वाले चंद्रपाल की पुत्री आरती …
बीसलपुर/पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत में बेटी के घर जन्मी कन्या के लिए छोछक लेकर जा रहे परिवार के 19 लोग ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से घायल हो गए। नौ की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल भेजा गया है।
नगर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में पानी की टंकी के पास रहने वाले चंद्रपाल की पुत्री आरती ने बेटी को जन्म दिया है। गुरुवार को उसके नामकरण संस्कार में चंद्रपाल ट्रैक्टर ट्राली में दो दर्जन से अधिक परिजनों को लेकर बेटी की ससुराल छोछक देने पीलीभीत के मोहल्ला बरहा जा रहे थे।
पीलीभीत मार्ग पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्राली सड़क पर पलट गए। ट्राली पलटते ही उसमें बैठीं महिलाएं, बच्चे व पुरुष दब गए। चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने ट्राली के नीचे दबे लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला। दुर्घटना में 19 लोग घायल हो गए। उनको एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद नौ लोगों को गंभीर हालत होने के कारण जिला चिकित्सालय भेज दिया।
