बरेली में संक्रमण दर घटी, सोमवार से खुलेगा बाजार
बरेली,अमृत विचार। बरेली में संक्रमण दर तेजी से घट रही है। इससे बाजार खुलने का रास्ता साफ हो गया है। गुरुवार को सक्रिय संक्रमितों की संख्या घटकर 702 हो गई। अगले तीन दिनों में संक्रमितों की संख्या शून्य होने की उम्मीद जतायी गयी है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया है कि सोमवार से बाजार खोला …
बरेली,अमृत विचार। बरेली में संक्रमण दर तेजी से घट रही है। इससे बाजार खुलने का रास्ता साफ हो गया है। गुरुवार को सक्रिय संक्रमितों की संख्या घटकर 702 हो गई। अगले तीन दिनों में संक्रमितों की संख्या शून्य होने की उम्मीद जतायी गयी है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया है कि सोमवार से बाजार खोला जाएगा। दुकानें, प्रतिष्ठान सब कुछ खुलेगा। उन्होंने बताया कि शनिवार और रविवार को वीकेंड लाकडाउन रहेगा। कस्बों का भी बाजार खुलेगा।
30 मई को मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी नितीश कुमार ने भी आदेश जारी किया था। जिसमें उन्होंने स्पष्ट बताया था कि बरेली में संक्रमितों की संख्या 600 से कम होने पर स्वत: बाजार और दुकान मुख्य सचिव के आदेश के अनुसार शर्तों का पालन करते हुए खोले जाएंगे। शुक्रवार के बाद शनिवार और रविवार को राज्य सरकार की ओर से वीकेंड लाकडाउन घोषित है। इसलिए इन दिनों में संक्रमितों की संख्या 600 से कम होने की उम्मीद जताते हुए सोमवार को बाजार खुलेगा।
मंडल में कोरोना का रिकवरी रेट पहुंचा 96.96 फीसदी
कोरोना के फैलाव को रोकने में बरेली मंडल लगातार सफल हो रहा है। पॉजिटिविटी रेट घट रहा है। रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है। मंडल का औसत पॉजिटिविटी रेट घट कर 1 जून को को मात्र 0.33 प्रतिशत दर्ज किया गया। जबकि रिकवरी रेट 96.96 प्रतिशत तक पहुंच गया। कमिश्नरी सभागार में टीम 9 की गुरुवार को बैठक हुई। जिसमें प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार 1 जून को बरेली का 0.41, बदायूं का 0.05, पीलीभीत का 0.75 तथा शाहजहांपुर का पाजिटिविटी रेट मात्र 0.33 फीसदी दर्ज किया गया। मंडल का औसत रिकवरी रेट 1 जून को 96.96 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मंडल में बरेली का 96.95, बदायूं 98.07, पीलीभीत का 95.91 तथा शाहजहांपुर का 96.74 प्रतिशत रिकवरी रेट दर्ज किया गया। अपर आयुक्त अरुण कुमार ने बैठक में कहा कि मंडल के ग्रामीण अंचलों में वैक्सीनेशन अभियान की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने अपर निदेशक स्वास्थ्य से कहा कि वे अपने स्तर से मंडल में वैक्सीनेशन के प्रति जागरुकता पर भी ध्यान दें। बैठक में बताया कि मंडल में 1 जून तक 1113990 आरटीपीसीआर, 1592949 एंटीजेन तथा 45336 ट्रूनॉट टेस्ट किए जा चुके हैं।
