बरेली: बीडीए से सस्ते मकान पाकर खिल उठे गरीबों के चेहरे
बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और प्राइवेट बिल्डर दोनों मिलकर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीडी मोड पर बना रहे गरीबों के लिए सस्ते आवासों का आवंटन शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में किया गया। काफी समय से अपने सपनों के घर का इंतजार कर रहे लाभार्थियों के चेहरे आवास पाकर खुशी से खिल उठे। अभी …
बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और प्राइवेट बिल्डर दोनों मिलकर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीडी मोड पर बना रहे गरीबों के लिए सस्ते आवासों का आवंटन शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में किया गया। काफी समय से अपने सपनों के घर का इंतजार कर रहे लाभार्थियों के चेहरे आवास पाकर खुशी से खिल उठे। अभी इस योजना के तहत बड़ी संख्या में आवासों के आवंटन होने बाकी है। बीडीए के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी रहे आवासों के आवंटन की प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीडीए, बिल्डरों के साथ मिलकर पीपीपी मोड पर 2300 मकान बना रहा है। शहर में चार अलग-अलग स्थानों पर बनवाए जा रहे इन आवासों के आवंटन कोरोना की वजह से नहीं हो पा रहे थे। करीब तीन महीने पहले बीडीए पहले चरण में 513 सस्ते आवासों का आवंटन कर चुका है।
पहले चरण में बीसलपुर रोड पर बनाए गए 258, बेलवा में 196 और सीबीगंज में निर्मित 59 घरों के आवंटन मार्च में हुए थे। उसके बाद अब और आवासों के निर्माण भी पूरे हो चुके हैं। शुक्रवार को बीडीए ने कलेक्ट्रेट में एक बार फिर से इन आवासों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान निजी बिल्डरों के माध्यम से नैनीताल रोड पर बने 59 और बीसलपुर रोड पर बने 38 आवासों के साथ ही रामगंगानगर में खुद बीडीए के द्वारा बनवाए गए आठ आवासों का लाभार्थियों को आवंटन किया गया।
बीडीए यह आवास उन लोगों के लिए बनवा रहा है, जिनकी आमदनी बहुत कम है और वे इतनी महंगाई में जमीन खरीदकर अपने आवास का निर्माण नहीं करा सकते हैं। बीडीए के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य आवासों के निर्माण कराकर आवंटन किया जाएगा।
“गरीबों के लिए सस्ते आवासों का निर्माण कराया जा रहा है। जितने आवास बन रहे हैं, उनकी औपचारिकता पूरी कराकर उनका आवंटन कराया जा रहा है। बिल्डरों से अन्य आवासों के निर्माण भी जल्द पूरा कराने को कहा गया है।” -राजीव दीक्षित, अधीक्षण अभियंता, बीडीए
