लखीमपुर खीरी: खाली प्लॉट में शराबियों की सूचना पर पहुंची पुलिस, मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर से सटे गांव फत्तेपुर में कुछ शराबियों के एक खाली प्लॉट में पड़े होने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को एक युवक का शव मिला। वहीं कुछ शराबी भी लेटे थे। पुलिस ने डंडे फटकारे तो तीन शराबी उठकर भाग निकले जबकि एक को पकड़ लिया। उससे शव …

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर से सटे गांव फत्तेपुर में कुछ शराबियों के एक खाली प्लॉट में पड़े होने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को एक युवक का शव मिला। वहीं कुछ शराबी भी लेटे थे। पुलिस ने डंडे फटकारे तो तीन शराबी उठकर भाग निकले जबकि एक को पकड़ लिया। उससे शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन वह नहीं पहचान सका।

आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब पीने और प्लाट में गिरने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव मोरचरी में रखवा दिया है और शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है।

शनिवार को किसी ने सदर कोतवाली पुलिस को शहर की मिश्राना पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव फत्तेपुर में एक खाली प्लॉट पर चार शराबियों के बेसुध पड़े होने की खबर दी थी। सूचना पाकर सदर कोतवाली पुलिस मिश्राना चौकी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रोज मेरी स्कूल के पास फत्तेपुर सैधरी निवासी नीरज वर्मा के खाली प्लॉट पर एक युवक का शव औंधे मुंह पड़ा बरामद हुआ।

पुलिस ने शव से कुछ दूरी पर नशे की हालत में पड़े चार युवकों पर जब डंडे फटकारे तो पुलिस को देख तीन युवक उठकर भाग निकले। पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। उससे शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन उसने पहचानने से इंकार कर दिया। युवक के नशे की हालत में होने के कारण पुलिस ने नाम-पता नोट कर उसे छोड़ दिया।

मृतक युवक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। वह सफेद काली धारीदार शर्ट और काला लोवर पहने है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं हैं। युवक की मौत अत्यधिक शराब पीने और नशे की हालत में प्लॉट में गिरने से होने की आशंका जताई जा रही है।

शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पुलिस शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। प्रभारी निरीक्षक सदर प्रभातेश कुमार ने बताया कि पुलिस 72 घण्टे तक शिनाख्त होने का इंतजार करेगी। यदि इस बीच शिनाख्त नहीं होती है तो शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी।

संबंधित समाचार