बदायूं: पत्नी ने अकेले ही की थी पति की हत्या, बताई उस रात की पूरी कहानी
बिसौली/बदायूं, अमृत विचार। बहनोई से अवैध संबंध के मामले में पति की हत्या पत्नी ने अकेले ही की थी। पति रात में शराब के नशे में छत पर आया था। वह पत्नी से नीचे कमरे में चलने के लिए कहा रहा था। पत्नी के इंकार करने पर मारपीट की और उसके गर्भ पर लात मार …
बिसौली/बदायूं, अमृत विचार। बहनोई से अवैध संबंध के मामले में पति की हत्या पत्नी ने अकेले ही की थी। पति रात में शराब के नशे में छत पर आया था। वह पत्नी से नीचे कमरे में चलने के लिए कहा रहा था। पत्नी के इंकार करने पर मारपीट की और उसके गर्भ पर लात मार दी जिससे वह तड़पने लगी। पति छत से नीचे उतरकर कमरे में बेड पर सो गया। बाद में आई पत्नी ने उसके चेहरे और सिर पर लकड़ी की फंटी से हमला किए जिससे उसकी मौत हो गई।
नगर के मोहल्ला ठाकुरान होली चौराहा निवासी शिवसहाय के बेटे राजेश की गुरुवार रात घर के अंदर हत्या कर दी थी। उसके सिर और चेहरे पर लकड़ी से बार किए गए थे। शिवसहाय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि राजेश की पत्नी के मीनाक्षी के अवैध संबंध उसके बहनोई बिल्सी के मूसेपुर निवासी रामविलास से थे जिसके चलते उनके दूसरे मकान मोहल्ला कटरा में मीनाक्षी ने अपने बहनोई व उसकी पत्नी बबली के साथ मिलकर हत्या कर दी।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कॉल डिटेल और लोकेशन निकलवायी तो रामविलास और उसकी पत्नी की लोकेशन चंड़ीगढ़ में मिली। हालांकि घटना के बाद दोनों के बीच बात हुई थी। पुलिस पूछताछ में मीनाक्षी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह गुरुवार रात छत पर अपने बेटे रोब के साथ सो रही थी। करीब साढ़े दस बजे पति राजेश शराब के नशे में आया और उससे कमरे में नीचे चलने की जिद करने लगा। इंकार करने पर मारपीट की। उसके पेट में पल रहे पांच माह के गर्भ पर लात मारी जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
इसके बाद राजेश कमरे में चला गया। करीब दो घंटे बाद मीनाक्षी नीचे कमरे में गई और सोते पति के चेहरे और सिर पर लकड़ी की फंटी से हमला कर दिया। वह उसको बेहोश समझकर छत पर बेटे के साथ सो गई थी। राजेश ने जब मीनाक्षी के साथ मारपीट की तो उसके हाथ की चूड़ी टूटकर उसके लग गई जिससे खून बहने लगा। उसका खून ही छत पर पड़ा हुआ था। पुलिस पहले मान रही थी कि हत्या छत पर की गई और शव को बाद में नीचे बेड पर लिटा दिया गया।
