बरेली: 7 जून से खुलेंगे बाजार, सुबह 7 से शाम 7 बजे तक अनुमति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली जनपद में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 511 रह गई है। इसलिए शहर और कस्बों के बाजार व दुकानें आज से खोली जाएंगी। राज्य सरकार ने यह पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सक्रिय केस 600 से कम होने पर स्वत: बाजार खुल जाएगा। जिलाधिकारी नितीश कुमार भी कह …

बरेली, अमृत विचार। बरेली जनपद में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 511 रह गई है। इसलिए शहर और कस्बों के बाजार व दुकानें आज से खोली जाएंगी। राज्य सरकार ने यह पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सक्रिय केस 600 से कम होने पर स्वत: बाजार खुल जाएगा। जिलाधिकारी नितीश कुमार भी कह चुके हैं कि सोमवार से बाजार खुलेगा।

बाजार सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक खोलने की अनुमति है लेकिन जिन क्षेत्रों को कन्टेनमेंट जोन बनाया गया है, वहां बाजार खोलने की अनुमति अभी नहीं दी गई है। इसके साथ शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी पूर्ववत रहेगी। सभी स्कूल-कॉलेज बंद, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, सिनेमाघर, जिम, स्वीमिंग पूल, क्लब बंद रखे जाएंगे।

रेस्टोरेंट संचालक सिर्फ खाने की होम डिलीवरी कर सकते हैं। वहीं, कोरोना नियमों का पालन करते हुए व्यापारियों को दुकानें खोलनी होंगी। जहां भी भीड़ दिखी या फिर बिना मास्क के लोग दिखे, पुलिस कार्रवाई करेगी। इसलिए घर से निकलने पर मास्क जरूर लगाएं। इधर, बाजार खोलने के प्रशासन के फैसले से खुश व्यापारियों का कहना है कि बाजार खुलने से अर्थव्यवस्था को रफ्तार मिलेगी।

बोले व्यापारी- सब समझें अपनी जिम्मेदारी
ढील मिलने से कारोबार को गति मिलेगी। इस दौरान दुकानदारों से लेकर आम आदमी को अपनी जिम्मेदारी समझकर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। ग्राहकों के साथ स्वयं दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी नियम का पालन करें। -राजेंद्र गुप्ता, प्रांतीय महामंत्री उद्योग व्यापार मंडल

सभी व्यापारी जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। दुकानों पर अनावश्यक भीड़ न लगने दें। मास्क लगवाने वाले ग्राहकों को ही सामान दें। प्रयास करें कि फिर से संक्रमण रफ्तार न पकड़ने पाए, जिससे बाजार बंद होने की नौबत आए। -सुधीश पांडेय, जिलाध्यक्ष, पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल

एक माह की बंदी ने कारोबार चौपट करके रख दिया। इसलिए शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जिन नियमों के साथ छूट दी है उसका ईमानदारी से पालन करें, जिससे फिर से बाजार बंद होने की नौबत ही न बनें। सभी लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर दूसरों से भी कराएं। -गुलशन सब्बरवाल, अध्यक्ष, थोक किराना कमेटी

पिछले साल तीन माह और इस साल एक माह दुकान बंद रही। इसलिए सभी दुकानदार भाई इस बात का संकल्प कर लें कि ग्राहकों से दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी का नियम का पालन कराएंगे। -रामकृष्ण शुक्ला, महानगर अध्यक्ष, पश्चिमी उद्योग व्यापार मंडल

शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जो फैसला लिया है वह व्यापारियों के साथ-साथ आम जनता के भी हित में है। बाजार बंद होने से आम जनता को काफी परेशान का सामना करना पड़ रहा था। लोगों को अपनी जिम्मेदारी खुद समझनी होगी। जिला प्रशासन को चाहिए की वह भी नियमों का पालन कराएं। -तरून सिन्हा, समाजसेवी

बाजार खुलने का निर्णय स्वागत योग्य है। बहुत से लोगों ने बैंकों से लोन लेकर दुकानें खोल रखी है। दुकान भले ही बंद थी लेकिन उन्हें बैंक का ब्याज तो देना ही पड़ेगा। अगर सरकार ब्याज में छूट दे और बिजली बिल में कमी करें तो व्यापारियों को काफी राहत होगा।-संजय शर्मा, अध्यक्ष, संजय नगर इकाई

शासन ने जो गाइडलाइन जारी की है उसका पालन अवश्य करें। कोरोना महमारी से बचने के लिए दो गज की दूरी बेहद जरूरी है। बाजार जाते वक्त सभी लोग इसको लेकर पूरी सावधानी बरते। मास्क का उपयोग अवश्क करें। एक दूसरे से हाथ मिलाने से परहेज करें। -हेमेंद्र कुमार,अध्यक्ष,राजेन्द्र नगर व्यापार मंडल

प्रशासन ने धीरे-धीरे पूरा बाजार बंद कर दिया था। ऐसे में लोग जरूरी चीजें नहीं खरीद पाए थे। उम्मीद थी बाजार खुला रहेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसकी वजह से काफी दिक्कतें हुई थीं। दुकानदारों ने महंगे दामों में सामान बेचना शुरू कर दिया था। आज से बाजार खुलने से हर वर्ग को राहत मिलेगी। -शालिनी सिंह, जिलाध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ, पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल

व्यापारियों की अपील, मास्क लगाकर ही घर से निकले
पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल ने सोमवार से जिला प्रशासन द्वारा बाजार खोलने के फैसला का स्वागत किया। इसको लेकर जिलाध्यक्ष सुधीश पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई। जिसमें प्रदेश संयुक्त महामंत्री प्रवीण अग्रवाल और मंडल प्रभारी आशीष सिंघल ने जनता से अनुरोध किया कोरोना खत्म नहीं हुआ है, केवल मात्र कुछ कमी आई है। इसलिए व्यापारी भी शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मास्क लगाकर ही व्यापार करें।

ग्राहकों को भी कोविड नियमों के प्रति जागरूक करें। बाजारों में दुकान पर भीड़ ना लगने की बात भी कही। जिला उपाध्यक्ष हरिशंकर कनैजिया, प्रदीप, पुष्कर, संतोष पटेल, पुष्पेन्द्र पांडेस, यशु गुप्ता, नरेश कश्यप, प्रवीण मिश्रा आदि बैठक में उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार