किच्छा: सरकार से नाराज व्यापारियों ने बजाई भैंस के आगे बीन
किच्छा, अमृत विचार। उत्तराखंड सरकार की ओर से जारी की गई नई गाइडलाइन का विरोध करते हुए देवभूमि व्यापार मंडल समिति के बैनर तले व्यापारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ढोल बजाकर और भैंस के आगे बीन बजा कर विरोध जताया। व्यापारियों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना प्रदर्शन करते …
किच्छा, अमृत विचार। उत्तराखंड सरकार की ओर से जारी की गई नई गाइडलाइन का विरोध करते हुए देवभूमि व्यापार मंडल समिति के बैनर तले व्यापारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ढोल बजाकर और भैंस के आगे बीन बजा कर विरोध जताया। व्यापारियों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार से बाजार खोलने की नई गाइडलाइन जारी करने की मांग की।
किच्छा में देवभूमि व्यापार मंडल समिति के बैनर तले दर्जनों व्यापारी पुरानी गल्ला मंडी में एकत्रित हुए। पुरानी गल्ला मंडी से तमाम व्यापारी रेलवे फाटक, एमपी चौक, मुख्य बाजार होते हुए जुलूस की शक्ल में व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र गोयल एवं युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष जगरूप सिंह गोल्डी के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर दर्जनों व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार की व्यापारी विरोधी एवं जन विरोधी नीतियों के विरोध में आक्रोशित व्यापारियों ने ढोल नगाड़ों के बीच भैंस के आगे बीन बजाकर गहरी नींद में सो रही प्रदेश सरकार को लगाने का प्रयास किया। गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार की व्यापारी विरोधी नीतियों से उत्तराखंड का व्यापारी भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है, परंतु व्यापारियों द्वारा बार-बार मांग करने के बावजूद भी प्रदेश सरकार द्वारा व्यापारी हितों की कोई चिंता ना किए जाने से व्यापारियों में खासा रोष व्याप्त है। इस मौके पर युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष जगरूप सिंह गोल्डी ने कहा कि निकटवर्ती राज्य उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक बाजार खोलने की मांग की।
व्यापार मंडल महामंत्री रोहित अरोरा ने कहा कि लंबे समय से बाजार बंद होने के कारण व्यापारियों को आर्थिक दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। बैंक लिमिट, बैंक लोन, बिजली-पानी के बिल, घर खर्च सहित अन्य खर्चों को लेकर व्यापारी वर्ग मानसिक पीड़ा झेल रहा है। अरोरा ने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार को व्यापारी एवं जन विरोधी नीतियों का खामियाजा चुनावों में भुगतना होगा। इस मौके पर देवभूमि व्यापार मंडल समिति के अध्यक्ष महेंद्र गोयल, महामंत्री गौरव अरोरा, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष जगरूप सिंह गोल्डी, कोषाध्यक्ष प्रदीप पुजारा, ठाकुर महेंद्र सिंह, दुर्गेश गुप्ता, जसमीत सिंह आदि मौजूद रहे।
