बरेली: एक तरफ परीक्षा तो दूसरी तरफ कॉपियां की होगी जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय जहां एक तरफ स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाओं के आयोजन की तैयारी कर रहा है तो दूसरी तरफ सेमेस्टर पाठ्यक्रमों की कॉपियों को जांचने की भी तैयारी है। ऐसे समय में विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ शिक्षकों के सामने भी दोहरी चुनौती होगी जब तक सेमेस्टर परीक्षाओं की कॉपियां नहीं जांची जाएंगी, …

बरेली,अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय जहां एक तरफ स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाओं के आयोजन की तैयारी कर रहा है तो दूसरी तरफ सेमेस्टर पाठ्यक्रमों की कॉपियों को जांचने की भी तैयारी है। ऐसे समय में विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ शिक्षकों के सामने भी दोहरी चुनौती होगी जब तक सेमेस्टर परीक्षाओं की कॉपियां नहीं जांची जाएंगी, तब तक मूल्यांकन नहीं हो सकेगा। अगले सेमेस्टर में छात्रों को प्रवेश भी नहीं मिल सकेगा।

विश्वविद्यालय ने मार्च में सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन कराया था। कुछ पाठ्यक्रमों के कुछ प्रश्नपत्रों को छोड़कर अधिकांश परीक्षाएं आयोजित हो चुकी थीं। कुछ दिन बाद मूल्यांकन होना था लेकिन कोरोना की वजह से विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों को बंद कर दिया गया। करीब दो महीने से सभी काम ठप थे। अब शासन ने शिक्षकों से प्रशासनिक और शैक्षिक कार्य कराने की अनुमति दे दी। ऐसे में जल्द ही शिक्षकों को मूल्यांकन प्रक्रिया में लगाया जाएगा। हालांकि, 15 जून तक विश्वविद्यालय की ओर से ग्रीष्मकालीन अवकाश भी जारी है। ऐसे में कुछ दिन का और वक्त इसमें लगेगा।

दूसरी तरफ शासन ने स्नातक और स्नातकोत्तर की अंतिम वर्ष की परीक्षाओं के आयोजन के निर्देश दिए हैं। जल्द ही इसको लेकर शासनादेश भी जारी हो सकता है। हो सकता है कि स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्रों की भी परीक्षा हो लेकिन इसको लेकर अभी संशय है। परीक्षाओं का आयोजन जुलाई के दूसरे सप्ताह से हो सकता है। उससे पहले शिक्षकों को प्रश्नपत्र भी तैयार करने हैं। इस संबंध में शिक्षकों को निर्देश भी दिए जा चुके हैं। जब तक शासनादेश जारी नहीं होता है, तब तक सभी काम मंद गति से चल रहे हैं।

संबंधित समाचार