बरेली: मौसम ने ली करवट, देर रात बारिश से गिरा पारा
अमृत विचार,बरेली। पिछले एक सप्ताह से जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। अधिकतम तापमान बढ़कर 40 डिग्री पर जा पहुंचा था लेकिन गुरुवार सुबह से आसमान में छाए बादल और दिन में हल्की बूंदाबांदी तो आधी रात के बाद गरज, चमक के साथ तेज बारिश से तापमान में गिरावट आई। इससे लोगों को फिलहाल …
अमृत विचार,बरेली। पिछले एक सप्ताह से जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। अधिकतम तापमान बढ़कर 40 डिग्री पर जा पहुंचा था लेकिन गुरुवार सुबह से आसमान में छाए बादल और दिन में हल्की बूंदाबांदी तो आधी रात के बाद गरज, चमक के साथ तेज बारिश से तापमान में गिरावट आई। इससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार की सुबह से आसमान एकदम साफ रहा। हालांकि, धूप में अधिक तेजी नहीं थी।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। रात को 2 बजे के आसपास बिजली की गड़गड़ाहट के साथ ही मूसलाधार बारिश होने लगी। करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद बारिश मद्धिम पड़ गई। हालांकि शुक्रवार को सुबह आसमान एकदम साफ रहा। बारिश हो जाने से लोगों को तपिश से तो राहत मिल गई लेकिन शहर में कई सड़कों पर जलभराव हो जाने से आवागमन की दिक्कतें भी हुईं। वहीं पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर डा.आरके सिंह ने बताया कि जिले में लगभग 4 मिलीमीटर बारिश हुई है। बताया कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे दबाब, और चल रही पूर्वी हवाओं की वजह से नमी बन रही है जो बारिश का कारण बना है। बताया कि अभी दो दिन और जिले में बारिश होने के आसार है, इससे शहरवासियों को फिलहाल गर्मी से राहत मिल सकेगी। वहीं मानसून जिले में अपने तय समय 22 जून के आसपास ही दस्तक देगा।
