बदायूं: लापता युवक का तीन हिस्सों में बंटा शव खेत में मिला, हत्या की आशंका
उझानी, अमृत विचार। 13 दिन पहले घर से लापता हुए युवक का शव शुक्रवार सुबह गांव से आधा किमी दूर दूसरे गांव में मक्के के खेत में क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। शव तीन हिस्सों में बंटा हुआ था। शव सड़ा हुआ होने की वजह से यह पता नहीं चल पा रहा …
उझानी, अमृत विचार। 13 दिन पहले घर से लापता हुए युवक का शव शुक्रवार सुबह गांव से आधा किमी दूर दूसरे गांव में मक्के के खेत में क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। शव तीन हिस्सों में बंटा हुआ था। शव सड़ा हुआ होने की वजह से यह पता नहीं चल पा रहा है कि उसे किसी चीज से काटा गया है या फिर जानवरों ने उसको खाया है। मौके पर सीओ गजेंद्र श्रोतिया, कोतवाल विशाल प्रताप सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शुक्रवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ ओमवीर (30) पुत्र पोथीराम का क्षत विक्षत शव ग्राम हजरतगंज में भट्ठे के पीछे कुड़ा नरसिंहपुर निवासी श्रीपाल के मक्का के खेत में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के छोटे भाई उमेश कुमार ने बताया कि उसका बड़ा भाई चंडीगढ़ में फल का ठेला लगाता था।

वह 30 मई को पिता की तबीयत खराब होने की सूचना पर गांव आया था। उसी दिन रात दस बजे के करीब वह गांव में घूमने निकल गया और घर वापस नहीं लौटा। जब देर रात तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। थकहार कर उन्होने पुलिस को अपने भाई के लापता होने की सूचना दी।
उमेश ने बताया शुक्रवार की सुबह ग्रामीण जब श्रीपाल के खेत की तरफ से गुजरे तो दुर्गंध आने पर उन्होंने खेत में जाकर देखा तो उसके भाई का शव खेत में पड़ा देख उसके परिजनों को सूचना दी। मृतक के भाई के अनुसार जब उसने खेत में पहुंचकर देखा तो उसके भाई का सिर थोड़ी दूरी पर पड़ा था जबकि धड़ अलग पड़ा था।
खेत में शव पड़े होने की खबर सुनकर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गये। सीओ गजेंद्र श्रोतिया, प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह मय फोर्स के घटनास्थल पर पहुंच गये और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने धर्म सिंह उसके बेटे गजेंद्र व प्रभाशंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने कहा कि 30 मई को वीरेंद्र सिंह उर्फ ओमवीर की धर्मवीर के खेत में बिजली के तार से चिपक कर मौत हो गई। धर्मवीर व उसके लड़कों ने पड़ोस के श्रीपाल के मक्के के खेत में शव छिपा दिया। शव सड़ चुका है परिजनों ने कपड़ों के अधार पर शव की शिनाख्त की है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
