बरेली: राहत के साथ आफत लाई बारिश, पानी-पानी हुआ शहर
अमृत विचार, बरेली। बरेली में मानसून आने से पहले शनिवार सुबह को झमाझम बारिश हुई। काले घने बादल के बीच दिन निकलने के साथ ही चारों ओर अंधेरा छा गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं मानसून से पहले हुई बारिश ने नगर निगम …
अमृत विचार, बरेली। बरेली में मानसून आने से पहले शनिवार सुबह को झमाझम बारिश हुई। काले घने बादल के बीच दिन निकलने के साथ ही चारों ओर अंधेरा छा गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं मानसून से पहले हुई बारिश ने नगर निगम के नाला सफाई अभियान की पोल खोल कर रख दी। तेज बारिश से शहर की तमाम गलियां और रास्ते पानी से लबालब भर गए। जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के तमाम ऐसे रास्ते हैं जहां सीवर खुदाई का काम चल रहा है तो वहीं कई ऐसे रास्ते हैं जहां खुदाई का काम पूरा होने के बाद सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। ऐसे रास्तों पर कीचड़ जमा होने से लोगों का निकलना दूभर हो गया है। तो कई लोग गिरकर चोटिल भी हो गए। वहीं गलियों में जलभराव से स्थिति काफी दयनीय नजर आई। यहां घुटनों तक भरे पानी में नालियों का कचरा तैरता रहा। शहर के श्यामगंज सब्जी मंडी, मालियों की पुलिया, चौपला चौराहा मार्केट, चक महमूद, जोगी नवादा, वानखंडी नाथ मंदिर के पास, गुसाई गौटिया रोड,कालीवाड़ी, बिहारीपुर आदि इलाकों के जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नगर आयुक्त आवास और महापौर कार्यालय में जलभराव
तेज बारिश से शहर के तमाम इलाके और गलियां जलमग्न हो गईं। लोग घुटनों तक भरे गंदे पानी के बीच निकलने को मजबूर हो गए। वहीं नगर आयुक्त आवास और महापौर कार्यालय में भी जलभराव हो गया। इसके अलावा जिला अस्पताल समेत कई सरकारी दफ्तरों में भी बारिश का पानी घुस गया।

घरों में घुसा बारिश का पानी
शनिवार सुबह को हुई तेज बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी है तो वहीं लोगों की परेशानी को भी बढ़ा दिया है। बारिश से जहां शहर में जगह-जगह जलभराव हुआ है तो वहीं पानी की निकासी न होने से कई जगहों पर बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। शनि महाराज मंदिर के पास बारिश का घरों में घुसने से लोगों को भारी नुकसान हुआ है। यहां लोगों की गृहस्थी का सामान भीगकर खराब हो गया।

बारिश ने खोली नगर निगम की पोल
मानसून को देखते हुए नगर निगम काफी पहले से तैयारी में जुटने का दावा करता रहा है। बारिश के मौसम में पानी की सही से निकासी हो सके, इसके लिए नगर निगम की ओर से नाला सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें करोड़ों रुपए खर्च किए जा चुके हैं। लेकिन शनिवार को बारिश ने सभी दावों की पोल खोलकर रख दी। गलियों के लेकर शहर के अन्य रास्तों पर जलभराव हो गया। जिससे लोगों को निकलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
