बरेली: आंधी-पानी में 50 हजार घरों की बिजली गायब
अमृत विचार,बरेली। शनिवार सुबह तेज आंधी-पानी से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली लेकिन बिजली कटौती से परेशानियां बढ़ गईं। बारिश बंद होने के बाद तेज धूप से उमस बढ़ गई। आंधी व बारिश में फाल्ट न हो इसके लिए बिजली विभाग के द्वारा शहर के लगभग ज्यादातर फीडर बंद कर दिए गए लेकिन …
अमृत विचार,बरेली। शनिवार सुबह तेज आंधी-पानी से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली लेकिन बिजली कटौती से परेशानियां बढ़ गईं। बारिश बंद होने के बाद तेज धूप से उमस बढ़ गई। आंधी व बारिश में फाल्ट न हो इसके लिए बिजली विभाग के द्वारा शहर के लगभग ज्यादातर फीडर बंद कर दिए गए लेकिन तेज आंधी में फाल्टों की झड़ी लग गई।
कई जगहों पर लाइनें टूट गई। कई फीडर ट्रिप हो गए। शहर के तमाम इलाकों में रात तक बिजली आपूर्ति शुरु नहीं हो सकी। बिजली कटौती से करीब 50 हजार से ज्यादा घरों की बिजजी आपूर्ति बाधित हुई। बिजली जाने के बाद सभी लोग हेल्पलाइन नंबर पर लाइट के संबंध में जानकारी लेने लगे। बहुत से सब स्टेशनों के हेल्पलाइन नंबर उठना बंद हो गए।
शनिवार को हुई बारिश में सुबह करीब नौ बजे से शहरी इलाके के लगभग सभी सबस्टेशन पर फॉल्ट आए। कहीं सब स्टेशन स्तर पर खामी रही तो कहीं, हाईटेंशन लाइन के पोल पर इंसुलेटर पंक्चर हो गया। आंधी व बारिश खत्म होने के बाद कई जगहों पर आपूर्ति शुरू हो गई, लेकिन कई जगहों पर देर रात तक बिजली नहीं आई।
सुभाषनगर उपकेन्द्र से जुड़ी बिजली की लाइन पेड़ गिरने से टूट गई। इसी तरह हरूनगला, सुभाषनगर, मिनी बाईपास, किला, बाकरगंज, सीबीगंज, करगैना, नकटिया समेत पूरे शहर में तेज हवा के चलते बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई। सिविल लाइंस के इलाके में भी फाल्ट होने की वजह से बिजली गुल हो गई। देहात क्षेत्र में भी तेज आंधी और बारिश के चलते लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। किला फीडर में पानी भरने से भी बाकरगंज, जसोली और गढ़ी चौकी किला कटघर,स्वालेनगर की बिजली आपूर्ति ठप रही।
