बरेली: युवाओं के खाली स्लॉट पूरा कर कराएं टीकाकरण
बरेली, अमृत विचार। कोरोना टीकाकरण में जिस तरह से युवाओं ने पहले उत्साह दिखाया वह अब दिखायी नहीं दे रहा है। युवाओं के स्लॉट खाली रह जा रहे हैं। इसको लेकर शासन ने चिंता जताई है। टीकाकरण में टॉप 10 में रहने वाले बरेली जिले का भी हाल खराब है। लखनऊ से अधिकारियों ने जिला …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना टीकाकरण में जिस तरह से युवाओं ने पहले उत्साह दिखाया वह अब दिखायी नहीं दे रहा है। युवाओं के स्लॉट खाली रह जा रहे हैं। इसको लेकर शासन ने चिंता जताई है। टीकाकरण में टॉप 10 में रहने वाले बरेली जिले का भी हाल खराब है। लखनऊ से अधिकारियों ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को फोन कर स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं। युवाओं को जागरुक कर टीकाकरण केंद्र तक लाया जाए।
युवाओं के लिए एक मई से वैक्सीनेशन शुरू हुआ । बीते 40 दिनों में ही 185644 लाख युवा पहली डोज और 15938 हजार से ज्यादा दूसरी डोज लगवा चुके हैं। कुछ दिनों से युवाओं के स्लॉट भर नहीं पा रहे हैं। जिले के 5,06,000 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। इस बार जब वैक्सीनेशन के पंजीकरण के लिए कोविन एप पर स्लॉट खोले गए तो कुछ अलग ही स्थिति थी।
जो स्लॉट भरने में मात्र कुछ घंटे लगते थे वह खाली पड़े हैं। युवा पंजीकरण को आगे नहीं आ रहे हैं। जब कि कोविशील्ड और कोवैक्सीन दोनों वैक्सीन विभाग के पास मौजूद हैं। स्थिति यह है कि सभी 142 सेंटर को देखा जाए हर केंद्र पर 25 से 30 स्लॉट खाली दिख रहे हैं।
9639 लोगों ने कराया वैक्सीनेशन
शनिवार को जिले में 15 हजार लोगों के लक्ष्य में 9639 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया। इसमें आठ हजार युवाओं का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें 5798 युवाओं ने वैक्सीन लगवाई। इसी तरह 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों का लक्ष्य सात हजार का था, जिसमें से 3390 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि वैक्सीनेशन के लिए व्यापक रुप से अभियान चलाकर आमजन को जागरुक किया जा रहा है।
ऑटो चालकों का किया जाएगा टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग ने आरटीओ और नगर निगम में शिविर लगाने को कहा है। इसके लिए अब 14 अप्रैल से अभियान चलाया जाएगा। जिसमें ऑटो, ई रिक्शा, ट्रक व अन्य चालकों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसी तरह नगर निगम द्वारा लगाए गए शिविर में स्ट्रीट वेंडरों का शिविर लगाया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। निगम अपने सभी 22 हजार रजिस्टर्ड वेंडरों को वैक्सीनेशन के लिए बुलाएगा।
