लखीमपुर-खीरी: दो लोगों में विवाद के बीच चली गोली से तीसरे की मौत
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली धौरहरा के एक गांव में अवैध संबंधों के शक को लेकर दो लोगों में विवाद हो गया। इस दौरान चली गोली अपने घर के दरवाजे पर खड़े ग्रामीण को जा लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने गोली चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। एसपी और …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली धौरहरा के एक गांव में अवैध संबंधों के शक को लेकर दो लोगों में विवाद हो गया। इस दौरान चली गोली अपने घर के दरवाजे पर खड़े ग्रामीण को जा लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने गोली चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। एसपी और एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
कोतवाली धौरहरा क्षेत्र के जोधापुरवा मजरा नैनापुर गांव में सोमवार की सुबह गांव के ही निरंजन को शक था कि उसकी पत्नी से सत्यप्रकाश के अवैध संबंध हैं। दोनों में अक्सर विवाद होता रहता था। सोमवार को भी विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि सत्यप्रकाश ने निरंजन को मार डालने की नीयत से उस पर तमंचे से गोली चला दी। गोली निरंजन को न लगकर पड़ोस में अपने दरवाजे पर खड़े जगप्रताप उर्फ गोपीचन्द (62) पुत्र झब्बूलाल के लगी। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। ग्रामीण की मौत के बाद आरोपी युवक मौके से भाग निकला।
उधर दिनदहाड़े जगप्रताप की हत्या से गांव में सनसनी फैल गयी। मृतक के घर पर कोहराम मच गया। एसपी विजय ढुल, एएसपी अरुण कुमार, सीओ टीएन दुबे, प्रभारी निरीक्षक विद्याशंकर पाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिवार वालों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। एसपी ने टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार करने कर निर्देश दिये।
पुलिस ने दो घण्टे तक संभावित स्थानों पर की गई छापामारी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी निर्मला देवी की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। कोतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि पत्नी से अवैध संबंधों की शक के चलते निरंजन व सत्यप्रकाश में विवाद हो रहा था सत्यप्रकाश ने निरंजन पर फायर कर दिया वो फायर जगप्रताप को लग गया, जिसमें उसकी मौत हो गयी।
पुलिस अधीक्षक विजय ढुल ने कहा कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
