मुरादाबाद : मंगेतर ही निकला युवती का कातिल, विवाह से छह दिन पूर्व घोंटा गला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा/अमृत विचार। ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में बीते दिन हुई युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती के मंगेतर ने ही गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा, बाइक तथा युवती के दो मोबाइल भी बरामद …

मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा/अमृत विचार। ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में बीते दिन हुई युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती के मंगेतर ने ही गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा, बाइक तथा युवती के दो मोबाइल भी बरामद कर लिए गए हैं।

कोतवाली क्षेत्र के गांव लालापुर पीपलसाना निवासी मदनपाल की पुत्री टीना का शव सोमवार को गांव के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला था। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया था। पीएम रिपोर्ट में युवती की हत्या गला घोंटकर किए जाने की पुष्टि हुई थी।

मंगलवार को इस घटना का खुलासा करते हुए प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि टीना की शादी उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल के कालागढ़ थाना क्षेत्र की नई बस्ती हाइड्रिल कॉलोनी नूनगढ़ चौराहा निवासी जतिन पुत्र राजेंद्र सिंह के साथ तय हुई थी। शादी के लिए 20 जून की तारीख तय की गई थी। लेकिन किसी कारण के चलते जतिन उससे शादी नहीं करना चाहता था। उसने टीना को हमेशा-हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। इस दौरान उसने अपने इरादों की भनक तक किसी को नहीं लगने दी।

जंगल में ले जाकर घोंटा गला
योजना के तहत मंगलवार को उसने शेरवानी खरीदने के बहाने टीना को सुरजन नगर बुलाया। इसके बाद बाइक पर बैठाकर वह उसे जंगल में ले गया। वहां उसने गमछे से टीना की गला घोंट कर हत्या कर दी। उसके बाद वह शव को उसके गांव के बाहर सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसका चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

प्रेमिका से शादी नहीं करना चाहता था जतिन
टीना उर्फ मीनाक्षी का जितिन से प्रेम प्रसंग चल रहा था। छह माह पूर्व प्रेमी युगल घर से फरार हो गया था। कुछ दिन बाद दोनों गांव लौट आए। तब टीना के परिवार वालों ने विवाह का दबाव बनाया था। लेकिन वह टीना से शादी का इच्छुक नहीं था। 20 जून को उसे टीना के घर बारात लेकर आना था। इससे पहले ही उसने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

 

संबंधित समाचार