लखीमपुर-खीरी: छत पर टूटकर गिरा तार, करंट से ग्रामीण की मौत, पत्नी-बेटा झुलसे
माता प्रसाद उर्फ मत्तू (फाइल फोटो)। लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर से सटे गांव सलेमपुर कोन के मोहल्ला गोविंदनगर में मंगलवार की सुबह छत पर टूटकर गिरे बिजली के तार से पूरे घर में करंट फैल गया। इससे गृहस्वामी की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। वहीं पत्नी और पुत्र झुलस गये। घटना से …
माता प्रसाद उर्फ मत्तू (फाइल फोटो)।
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर से सटे गांव सलेमपुर कोन के मोहल्ला गोविंदनगर में मंगलवार की सुबह छत पर टूटकर गिरे बिजली के तार से पूरे घर में करंट फैल गया। इससे गृहस्वामी की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। वहीं पत्नी और पुत्र झुलस गये। घटना से गुस्साए लोगों ने ऐरा रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शनकारी बिजली विभाग पर कार्रवाई करने और मुआवजा दिलाए जाने की मांग कर रहे थे। तहसीलदार सदर के साथ मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह से लोगों को शांत कराया। तब जाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।
मोहल्ला गोविंदनगर निवासी माता प्रसाद उर्फ मत्तू (53) सुरक्षा गार्ड थे। उनके मकान की छत के ऊपर से होकर 440 वोल्ट की बिजली का तार मोहल्ले के ही लक्ष्मीनरायण के घर पर गया था। मंगलवार की सुबह बारिश के बीच बिजली लाइन का तार टूटकर उनकी छत पर गिर पड़ा। इससे घर में करंट दौड़ने लगा। माता प्रसाद की पत्नी मुन्नी देवी और पुत्र आकाश को करंट के झटके महसूस हुए तो दोनों चीखने लगे।
शोरगुल सुनकर माता प्रसाद बचाने दौड़े। जैसे ही माता प्रसाद ने दरवाजा पकड़ा। उन्हें जोरदार करंट लगा। पत्नी और पुत्र तो बच गए लेकिन माताप्रसाद की मौत हो गई। आक्रोषित ग्रामीण परिजनों के साथ शव सलेमपुर गांव के बाहर ऐरा रोड पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। सैकड़ों लोगों की भीड़ सड़क पर जुटने के कारण जाम लग गया। सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
तहसीलदार सदर, सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा और प्रभारी निरीक्षक सदर प्रभातेश कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़ गए। सीओ ने नियमानुसार मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर परिजन व ग्रामीण मानें और जाम खोला।
