बरेली: फंदे पर लटकी मिली विवाहिता की लाश
बरेली, अमृत विचार। सिकलापुर इलाके में शुक्रवार रात एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या की है लेकिन मायके वालों ने दहेज के लिए उसकी हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही बिना सूचना दिए शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने पर हंगामा …
बरेली, अमृत विचार। सिकलापुर इलाके में शुक्रवार रात एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या की है लेकिन मायके वालों ने दहेज के लिए उसकी हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही बिना सूचना दिए शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने पर हंगामा भी काटा। सूचना पर पहुंची बारादरी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पति, ससुर, सास व देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दो साल पहले अमरोहा के थाना गजरौला के गांव सुल्तानठेरा निवासी गीता पुत्री लल्लू सिंह की शादी सिकलापुर निवासी विपिन राणा पुत्र नन्हा से हुई थी। शादी में 2 लाख रुपए नकद व अन्य सामान भी दिया गया। आरोप है कि शादी के बाद से ही गीता के पति व अन्य ससुरालियों ने उसे दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया था।

गीता की बड़ी बहन कविता ने बताया कि आये दिन युवती का पति फोन करके रुपयों की मांग करता था। दो दिन पहले ही आरोपी ने गीता के भाई मनोज के पास फोन किया और 2 लाख रुपए की मांग की। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे किसी व्यक्ति ने गीता की मौत की खबर बड़ी बहन कविता को दी। कविता बरेली कॉलेज गेट के पास रहती है। वह अपने पति व भाई के साथ मौके पर पहुंची तो बहन का शव देख उसके होश उड़ गए। कविता ने आरोप लगाया कि जब वह अपने पति और भाई के साथ वहां पहुंची तब ससुराल पक्ष के लोग शव को अंत्येष्टि के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे।
युवती की बड़ी बहन व अन्य लोगों ने आपत्ति जताते हुए उन्हें रोक दिया। गीता के मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। कहा कि जिस कुंडे से गीता के फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वहां की ऊंचाई तक गीता का पहुंचना मुश्किल है। देर शाम गीता के शव को जबरन दाह संस्कार के लिए ले जाने का आरोप लगाते हुए मायके पक्ष ने हंगामा भी काटा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने रात करीब 2 बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार सुबह गीता के परिजनों ने बारादरी थाने में तहरीर ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने ससुर नन्हा, सास लक्ष्मी, पति विपिन व देवर संजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
