बरेली: लॉकडाउन में काम नहीं मिला तो बन गये वाहन चोर
बरेली/कैंट, अमृत विचार। कैंट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वाहन चोर गिरोह के दो आरोपियों को आरटीओ कार्यालय के पास से गिरफ्तार किया है। ज्यादातर एक ही कंपनी की मोटर साइकिल चोरी करते थे आरोपी और पास के जिलों में करते थे सप्लाई। पुलिस को आरोपियों की बताई जगह से चोरी की कई …
बरेली/कैंट, अमृत विचार। कैंट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वाहन चोर गिरोह के दो आरोपियों को आरटीओ कार्यालय के पास से गिरफ्तार किया है। ज्यादातर एक ही कंपनी की मोटर साइकिल चोरी करते थे आरोपी और पास के जिलों में करते थे सप्लाई। पुलिस को आरोपियों की बताई जगह से चोरी की कई मोटर साइकिल व स्कूटी बरामद हुई है। वहीं गिरोह का तीसरा आरोपी अभी भी फरार है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात कबूल करते हुए लॉकडाउन को बताया चोर बनने की वजह। कैंट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कैंट पुलिस ने शनिवार को गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह के दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कैंट थाने के एसएचओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक टीम बनाकर जिसमें उ.नि. संजय सिंह, हेड कांस्टेबल सरोज कुमार, शोभित यादव, कांस्टेबल सुरेश चन्द्र, अमर कुमार व सत्यवीर यादव समेत अन्य पुलिस कर्मी आरटीओ कार्यालय के पास गश्त कर रही थे।
वहां मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि वाहन चोर गिरोह के दो आरोपी दानिश और इमरान बिना नम्बर प्लेट की स्प्लेन्डर मोटर साईकिल से उमरिया गांव की तरफ से आ रहे हैं। कुछ देर बाद मिली जानकारी के मुताबिक दो युवक मोटर साईकल से वहां पहुंच गए जिन्हें मौका मिलते ही पुलिस ने दबिश देते हुए गिरफ्तार कर लिया। कैंट पुलिस आरोपियों को लेकर थाने पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने माफी मांगते हुए चोरी की बात को कुबूल किया।
आरोपी इमरान ने बताया कि लॉकडाउन लगने से कोई काम नहीं मिल रहा था, इस वजह से दोनों दोस्तों ने तीसरे आरोपी ताहिर के साथ मिलकर मोटर साईकिल की चोरी करने लगे। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि इमरान और दानिश की बताई जगह मारिया फैक्ट्री के पीछे बने खण्डहर मकान में चोरी की सात मोटर साइकिल और एक स्कूटी बरामद हुई है।
आरोपियों ने बताया कि बरामद की गई मोटर साइकिलों व स्कूटी का सौदा फरार आरोपी ताहिर ने हल्द्वानी के एक चोर से अलग-अलग दामों में तय कर दिया है। उसी काम से दोनों आरोपी सेटेलाइट जा रहे थे और रास्ते में पकड़े गये। पुलिस बरामद वाहनों के असली मालिकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बताया कि दानिश के खिलाफ इसी साल बरेली कोतवाली में वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी इमरान थाना कैंट के आदर्श कॉलोनी और आरोपी दानिश व ताहिर कैंट थानाक्षेत्र के उमरिया गांव के रहने वाले हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। वहीं फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुट गई है।
ज्यादातर स्पलेंडर गाड़ियों की करते थे चोरी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी इमरान व दानिश ने बताया कि स्प्लेंडर मोटर साइकिल में किसी भी गाड़ी की चाबी जल्द लग जाती है और उनकी नकली चाबी बनवाना भी काफी आसान होता है। इस वजह से वह ज्यादातर स्प्लेंडर मोटर साइकिलों की ही चोरी करते थे। चोरी के बाद आसपास के जिलों में सस्ते दामों में बेच देते थे।
