बरेली: 7 अगस्त तक होंगी विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं
बरेली, अमृत विचार। शासन के दिशा-निर्देशों के तहत शनिवार को महात्मा जोतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नताक और स्नातकोत्तर की मुख्य परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया। स्नातक की द्वितीय और तृतीय वर्ष और स्नातकोत्तर की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित करायी जाएंगी। स्नातकोत्तर की परीक्षाएं प्रथम पाली में सुबह होंगी। स्नातकोत्तर …
बरेली, अमृत विचार। शासन के दिशा-निर्देशों के तहत शनिवार को महात्मा जोतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नताक और स्नातकोत्तर की मुख्य परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया। स्नातक की द्वितीय और तृतीय वर्ष और स्नातकोत्तर की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित करायी जाएंगी। स्नातकोत्तर की परीक्षाएं प्रथम पाली में सुबह होंगी।
स्नातकोत्तर की द्वितीय व तृतीय पाली में परीक्षाएं होंगी। परीक्षा का समय एक घंटा 30 मिनट निर्धारित किया गया है। स्नातक के सभी प्रश्नपत्रों की 20 दिन और स्नातकोत्तर की 15 दिन में परीक्षाएं संपन्न हो जाएंगी। 7 अगस्त को स्नातक बीए द्वितीय वर्ष की अंतिम परीक्षा होंगी। मुख्य परीक्षा के लिए करीब 4 लाख 40 हजार परीक्षा फार्म भरे गए हैं लेकिन स्नातक और स्नातक प्रथम वर्ष और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षा न होने से करीब पौने तीन लाख छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। दैनिक अमृत विचार ने शनिवार के अंक में ही परीक्षा के प्रश्नपत्रों के स्वरूप और परीक्षा कार्यक्रम की प्रस्तावित तारीखों की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष (बीए, बीएससी, बीकॉम) में एक विषय का एक ही प्रश्नपत्र की परीक्षा छात्रों को देनी होगी। स्नातकोत्तर में सभी विषयों के सभी प्रश्नपत्र होंगे ताकि छात्रों को भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक स्नातक की परीक्षाएं 15 जुलाई से प्रारंभ होकर 7 अगस्त को समाप्त होंगी और स्नातकोत्तर की परीक्षाएं 2 अगस्त को समाप्त हो जाएंगी। स्नातक में सबसे पहले बीए, बीकॉम और बीएससी के छह अलग-अलग विषयों की परीक्षा रखी गई हैं।
इसी तरह से स्नातकोत्तर में पहले दिन 24 विषयों की परीक्षा होगी। बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा 6 अगस्त को समाप्त हो जाएगी। वैसे तो 15 जुलाई से 7 अगस्त तक 24 दिन परीक्षा में लगेंगे लेकिन रविवार को बीएड प्रवेश परीक्षा और ईद की छुट्टी को निकालकर स्नातक की परीक्षा 20 दिन में आयोजित होंगी।
इसी तरह से स्नातकोत्तर की परीक्षा में 19 दिन लगेंगे लेकिन छुट्टियां निकालकर परीक्षाएं सिर्फ 15 दिन में ही होंगी। स्नातक द्वितीय व तृतीय और स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के छात्र परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। विश्वविद्यालय जल्द ही अब परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर देगा। उसके बाद छात्रों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
परीक्षा की पाली का समय
स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष- सुबह 9:00 बजे से 10:30 तक
स्नातक द्वितीय वर्ष- दोपहर 12:00 बजे से 1:30 तक
स्नातक अंतिम वर्ष- दोपहर 3:00 बजे से 4:30 तक
