बिजनौर: रबर फैक्ट्री का टैंक फटने से 1 की मौत, 2 की हालत गंभीर
बिजनौर, अमृत विचार। दो दिन पहले रबर फैक्ट्री में टैंक खोलने के दौरान ब्लास्ट हो गया, जिसमें तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से एक की हालत नाजुक होने के बाद दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। जबकि दो को बिजनौर के एक …
बिजनौर, अमृत विचार। दो दिन पहले रबर फैक्ट्री में टैंक खोलने के दौरान ब्लास्ट हो गया, जिसमें तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से एक की हालत नाजुक होने के बाद दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। जबकि दो को बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हैरत की बात यह है कि फैक्ट्री मालिक ने झुलसे मजदूरों की अब तक कोई खबर नहीं ली, जिससे झुलसे मजदूरों के परिजनों में नाराजगी है।
बिजनौर-नगीना मार्ग स्थित छोईया के पास इंडस्ट्रियल इलाका है, जहां दर्जनों फैक्ट्रियां हैं। इसमें तीन फैक्ट्री बिजनौर के मोहित की है, जिसमें आए दिन बड़ी घटना होती रहती है। शुक्रवार रात को देव रबर फैक्ट्री (डीआरएफ रबर फैक्ट्री) में काम कर रहे 3 मजदूर टैंक खोल रहे थे। इसी दौरान टैंक फट गया, जिसमें तीनों मजदूर झुलस गए। गार्ड ने तीनों को अस्पताल में भर्ती तो कराया। लेकिन फैक्ट्री मालिक व अन्य लोगों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। मजदूर प्रभात चंद शर्मा की मौत हो गई, जबकि वीर सिंह व सुरेश कुमार का बिजनौर के सिविल लाइन स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फैक्ट्री मालिक व मैनेजर पर मुकदमा, 2 हिरासत में
पीड़ित परिजनों ने फैक्ट्री मालिक से उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं पुलिस ने रविवार को मृतक मजदूर प्रभात चंद शर्मा के पिता की तहरीर पर फैक्ट्री मालिक व मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही 2 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फैक्ट्री में आए दिन होती हैं दुर्घटनाएं
दो साल पहले भी मोहित पेट्रो केमिकल्स में एक मेथेन गैस का टैंक फटने से हादसा हुआ था, जिसमे कई लोगों की मौत हो गई थी। लेकिन मृतक के परिवारों को खानापूर्ति के लिए पैसे देकर मामला रफा-दफा कर दिया गया था। उधर सूत्रों की माने तो 3 दिन पूर्व भी एक हादसा हुआ था, जिसको रफा-दफा कर दिया गया। लेकिन शुक्रवार को फिर ताजी घटना हो गई। फैक्ट्री में आए दिन हो रही घटनाओं पर बिजनौर जिला प्रशासन भी ध्यान नहीं दे रहा है।
