बरेली: गंगाशील अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप
बरेली, अमृत विचार। शराब की लत छुड़वाने अस्पताल में भर्ती हुए युवक ने पहले अपने बेटे को छत से फेंका और फिर चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे के तीन दिन बाद मृतक की बहन ने प्रेमनगर थाना पुलिस को सौंपी तहरीर में आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रबंधन और डाक्टर की लापरवाही …
बरेली, अमृत विचार। शराब की लत छुड़वाने अस्पताल में भर्ती हुए युवक ने पहले अपने बेटे को छत से फेंका और फिर चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे के तीन दिन बाद मृतक की बहन ने प्रेमनगर थाना पुलिस को सौंपी तहरीर में आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रबंधन और डाक्टर की लापरवाही से उनके भाई की जान गई है। इसलिए आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज होनी चाहिए। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
गोपालनगर की रहने वाली आरती कश्यप ने बताया उन्होंने अपने भाई दीपक को शराब की लत छुड़वाने के लिए गंगाशील अस्पताल में भर्ती कराया था। ठीक होने पर उन्होंने डाक्टर से अपने भाई की छुट्टी करने के लिए कहा लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने ज्यादा मुनाफा कमाने की मंशा से उसे डिस्चार्ज नहीं किया।
वहीं उनके भाई को भूतल के कमरों में न रखकर चौथी मंजिल पर रखा गया था। वहां पर न तो कोई सुरक्षा थी न ही किसी स्टाफ का आना जाना था। इसलिए उनके भाई की मौत के जिम्मेदार अस्पताल प्रबंधन और डाक्टर हैं। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। पीड़ित की शिकायत पर प्रेमनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच के बाद कार्रवाई
इंस्पेक्टर प्रेमनगर शितांशु शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही यह प्रार्थना पत्र सीएमओ को भेजा जाएगा ताकि अस्पताल के नियमों की सही से जांच की जा सके।
