बरेली: मुफ्त राशन के साथ कोरोना का खतरा भी
बरेली, अमृत विचार। जिले की उचित दर दुकानों पर रविवार से मुफ्त राशन का वितरण शुरू हो गया लेकिन जिस तरह के हालत दुकानों पर नजर आए उससे तो यही लग रहा था कि लोग राशन के चक्कर में कोरोना का खतरा ही भूल गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में राशन दुकानों पर …
बरेली, अमृत विचार। जिले की उचित दर दुकानों पर रविवार से मुफ्त राशन का वितरण शुरू हो गया लेकिन जिस तरह के हालत दुकानों पर नजर आए उससे तो यही लग रहा था कि लोग राशन के चक्कर में कोरोना का खतरा ही भूल गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में राशन दुकानों पर कार्ड धारकों की भीड़ जुट रही है। साप्ताहिक बंदी के दौरान शाहबाद, सुभाषनगर, बानखाना, गंगापुर, जोगीनवादा, चक महमूद, जैसे इलाकों में सुबह सात बजे से ही राशन की दुकानों पर लोग राशन लेने पहुंचे।
पुराना शहर के जोगी नवादा क्षेत्र स्थित उचित दर की दुकान पर राशन लेने के दौरान जमकर कोविड दिशा निर्देशों की धज्जियां उड़ाई गईं। लोगों की भीड़ से बचने के लिए कोटेदार को बाइक का सहारा लेने पड़ा। कोटेदार मुकेश ने बताया कि मुफ्त राशन लेने के लिए पहले दिन से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। तकरीबन 40 फीसद राशन का वितरण पहले दिन किया गया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में पहले दिन 30 से 35 फीसद तक राशन का वितरण किया गया। बता दें कि 30 जून तक मुफ्त राशन का वितरण किया जाना है।
वहीं चकमहमूद इलाके में राशन लेने पहुंचे कार्डधारकों ने बताया कि महामारी में रोजगार काफी प्रभावित हुआ है। जब मुफ्त का राशन सरकार दे रही है तो भीड़ जुटना स्वभाविक है। दूसरी तरफ कोटेदारों का कहना है कि भीड़ को काबू में करना उनके बस की बात नहीं है। जितना हो सकता है लोगों से सामाजिक दूरी अपनाने की अपील करते हैं लेकिन अगर लोगों को यही समझाते रहे तो राशन का वितरण तो कर ही नहीं पाएंगे।
इसके अलावा राशन वितरण के दौरान बहुत सारे लोग अपने मास्क या तो लगाते नहीं हैं या फिर उनको नीचे कर लेते हैं। जिले के शहरी क्षेत्र में 228630 और ग्रामीण क्षेत्रों के 563059 कार्ड धारकों को 30 जून तक मुफ्त राशन का वितरण किया जाना है।
कोटेदार बरतें पूरी सावधानी
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मुफ्त राशन का वितरण शुरू हो गया है। वितरण के दौरान कोटेदार पूरी सावधानी बरतें। सामाजिक दूरी और मास्क का खास ख्याल रखना चाहिए। राशन लेने के लिए आने वाले कार्ड धारक भी इस बात का ध्यान रखें।
