बरेली: हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड रूट पर अगले सप्ताह से दौड़ेंगी बसें
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के चलते दूसरे राज्य में जाने वाली बसों पर लगा ब्रेक अब जल्द हटने वाला है। लखनऊ मुख्यालय से परिवहन निगम के अधिकारियों ने बरेली परिक्षेत्र का रूट मैप मांगा है। जिसके बाद अधिकारियों ने रिपोर्ट तैयार करके भेज दी है। वही दिल्ली परिवहन निगम के अधिकारियों ने खुद ही आनंद …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के चलते दूसरे राज्य में जाने वाली बसों पर लगा ब्रेक अब जल्द हटने वाला है। लखनऊ मुख्यालय से परिवहन निगम के अधिकारियों ने बरेली परिक्षेत्र का रूट मैप मांगा है। जिसके बाद अधिकारियों ने रिपोर्ट तैयार करके भेज दी है। वही दिल्ली परिवहन निगम के अधिकारियों ने खुद ही आनंद विहार डिपो से बसें संचालित करने के लिए आमंत्रित किया है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने अंतरराज्यीय सेवाओं को बंद कर दिया था। इसकी वजह से जरूरी कामों से गैर राज्यों में आवागमन करने वाले यात्रियों को निजी वाहनों अथवा ट्रेनों आदि का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ रहा था, लेकिन अब जल्द ही यात्रियों की समस्या खत्म होने वाली है। हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड रूट पर अगले सप्ताह से बसों का संचालन करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
कोरोना से पहले रोडवेज की 25 प्रतिशत बसों का संचालन दूसरे राज्यों में होने की वजह से परिवहन निगम को भी फायदा होता था लेकिन दूसरे राज्य का संचालन बंद होने से रोडवेज निगम भी करीब 5 करोड़ के घाटे में चला गया था। ऐसे में अब बरेली रीजन से दूसरे राज्यों के लिए बस सेवा शुरू होने के बाद रोजाना 15 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।
जल्द संचालन शुरू होने की उम्मीद
क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली रीजन आरके त्रिपाठी ने बताया कि हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड चार राज्यों को जाने वाली बसों का जल्द संचालन शुरू होने की उम्मीद है। जिसको लेकर मुख्यालय से जानकारी मांगी गई थी। संचालन शुरू होने के बाद रोडवेज की आय में भी इजाफा होगा।
