बरेली: लक्ष्य का आधा भी नहीं पूरा हो पाया क्लस्टर वैक्सीनेशन अभियान
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के खिलाफ रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से डोर टू डोर वैक्सीनेशन के लिए ट्रायल रूप में चलाए गए क्लस्टर वैक्सीनेशन अभियान में सोमवार को लक्ष्य के आधे भी लोगों को वैक्सीन नहीं लग सकी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि क्लस्टर अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के खिलाफ रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से डोर टू डोर वैक्सीनेशन के लिए ट्रायल रूप में चलाए गए क्लस्टर वैक्सीनेशन अभियान में सोमवार को लक्ष्य के आधे भी लोगों को वैक्सीन नहीं लग सकी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि क्लस्टर अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को लक्ष्य के 26 प्रतिशत ही वैक्सीनेशन हुआ है।
जिले में वैक्सीनेशन अभियान के तहत अधिक से अधिक संख्या में लोगों को कोरोना टीका लगाने के लिए शासन की ओर से डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन कराने का विचार कर रही है। जिसके लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को ट्रायल के रूप में जिले के चार ब्लॉको में क्लस्टर बनाकर डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। लेकिन आमजन की जागरुकता के अभाव ने स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की कार्ययोजना पर पानी फेर दिया।
सोमवार को क्लस्टरों में आयोजित वैक्सीनेशन अभियान के तहत जिले में चार ब्लॉकों में 9,000 को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य दिया गया। चयनित ब्लॉकों में बिथरी चैनपुर में 3200 के सापेक्ष कुल 729, कुआडांडा में 1900 के लक्ष्य के सापेक्ष 167, नबावगंज में 2680 के लक्ष्य के सापेक्ष 760 व फरीदपुर में 1220 के लक्ष्य के सापेक्ष 719 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इस बाबत जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि वैक्सीनेशन के लिए लोगों को व्यापक रूप से जागरुक किया जाएगा। कोरोना संक्रमण से लड़ाई में मास्क व सामाजिक दूरी के बाद वैक्सीनेशन ही एक मात्र हथियार है। इसलिए आमजन से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
जिले में 76 प्रतिशत युवाओं व 59 प्रतिशत बुजुर्गों ने लगवाई वैक्सीन
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने 17,100 लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसके सापेक्ष सोमवार को कुल 11,849 लोगों ने कोविड संक्रमण के खिलाफ टीकाकरण कराया। इनमें 45 से ज्यादा आयु वर्ग के लिए 7,000 लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य था। इनमें से 3949 लोगों ने कोविशील्ड व 177 लोगों ने कोवैक्सीन की डोज लगवाई।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार कुल 4156 यानी 59 प्रतिशत लोगों ने टीकाकरण कराया। वहीं 18 से 44 आयु वर्ग के लिए कुल 10,100 का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 7185 लोगों को कोविशील्ड और 523 लोगों को कौवेक्सीन लगाई गई। यानी इस आयुवर्ग में कुल 7708 यानी करीब 76 प्रतिशत लोगों ने वैक्सीन लगवायी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि वैक्सीनेशन को लेकर व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जल्द ही जिले में शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
