बरेली: नगर निगम ने नहीं बांटे बिल, हजारों गृहकर स्वामी नहीं जमा कर पा रहे बिल
बरेली, अमृत विचार। शहर के करीब डेढ़ लाख से ज्यादा गृह स्वामियों के लिए नगर निगम ने जलकर, सीवर कर व गृहकर के लिए 10 फीसदी छूट की घोषणा कर दी हो लेकिन हजारों लोगों को इस योजना का फायदा नहीं मिल पा रहा है। वजह,नगर निगम ने अब तक इन करों को जमा करने …
बरेली, अमृत विचार। शहर के करीब डेढ़ लाख से ज्यादा गृह स्वामियों के लिए नगर निगम ने जलकर, सीवर कर व गृहकर के लिए 10 फीसदी छूट की घोषणा कर दी हो लेकिन हजारों लोगों को इस योजना का फायदा नहीं मिल पा रहा है। वजह,नगर निगम ने अब तक इन करों को जमा करने के लिए डोर-टू-डोर बिल बांटे ही नहीं है। निगम के कर विभाग अधिकारियों का कहना है कि कर के लिए बिल प्रिंट कराए जा रहे हैं। कोरोना की वजह से देरी हुई है लेकिन अब जल्द ही बिलों का वितरण कर दिया जाएगा।
नगर निगम को करीब 1.54 करदाता (जलकर, गृह कर, सीवर कर) करीब 50 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का राजस्व देते है। नगर निगम की आय का यह बड़ा स्रोत है। नगर निगम समय से कर चुकाने वालों को हर साल वित्तीय वर्ष के शुरू में कर छूट प्रदान करता है। इस बार कोरोना के कारण कर जमा होने में काफी विलंब हुआ है। हालांकि कुछ समय पहले नगर निगम ने करदाताओं को बड़ी राहत वाली घोषणा की थी।
इसके तहत शहरवासियों को मई, जून और जुलाई में टैक्स जमा करने पर दस फीसद, अगस्त, सितंबर व अक्टूबर में टैक्स जमा करने पर 7.5 फीसद और नवंबर व दिसंबर में पांच फीसद छूट दी जा रही है, लेकिन दिक्कत यह है कि छूट की इस घोषणा के बावजूद बड़ी संख्या में गृहस्वामी अपने कर की अदायगी इसलिए नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि नगर निगम की ओर से करदाताओं को घर-घर जाकर बिलों का वितरण ही नहीं किया गया है।
हालांकि नगर निगम ऑनलाइन भी बिल जमा करता है लेकिन इसकी जानकारी बहुत ही कम लोगों को होने से चलते अभी बहुत कम टैक्स जमा हुआ है। निगम के अधिकारी इस देरी की वजह कोरोना बताते हैं। उनका कहना है कि सभी वार्डों के बिल प्रिंट लगभग कराए जा चुके हैं। जल्द ही इनका वितरण करा दिया जाएगा। लोगों का कहना है कि निगम ने छूट की जो समय सीमा दी है, वह निगम के कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से धीरे-धीरे निकलती जा रही है।
कोरोना की वजह से दो महीने नहीं मिल सकी है छूट
कोरोना काल में वित्तीय वर्ष के दो महीने निकलने के बावजूद अब तक नगर निगम ने करदाताओं को कर पर छूट नहीं दी है। इससे कर जमा करने वालों की धड़कनें बढ़ गई हैं। इससे उन्हें आगे आने वाले समय में नुकसान होगा। कई ऐसे लोग जो समय पर कर जमा करके छूट का लाभ उठाते थे, वह परेशान हैं।
कर में छूट देने की मांग
पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना ने मेयर उमेश गौतम और नगर आयुक्त अभिषेक आनंद को पत्र भेजकर जनता की दिक्कत से अवगत कराते हुए कर की छूट देने की मांग की थी। पाषदों का कहना है कि ऑनलाइन बिल जमा करना सबकों नहीं आता है। इसलिए बड़ी संख्या में लोग बिल आने का इंतजार करते हैं लेकिन बिल वितरण में देरी की वजह से जनता को मिला छूट का समय भी निकल रहा है। पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना का कहना है कि वे इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत करा चुके हैं लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
जल्दी भेजे जाएंगे बिल
अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि गृहकर स्वामियों के लिए कर जमा करने के लिए उनके बिल जल्द ही घर-घर भेज जाएंगे। कोरोना की वजह से कुछ विलंब हुआ है लेकिन अब इसे लेकर तेजी दिखाई जा रही है।
