बरेली: सड़कें बनीं नहीं, स्मार्ट सिटी के तहत फिर खोदने की तैयारी
बरेली, अमृत विचार। करीब डेढ़ साल से टूटी, उखड़ी सड़कों की दुश्वारियां झेल रहे शहर के लोगों को अभी राहत मिलने वाली नहीं है। अभी सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदा गया था। जैसे-जैसे सड़कें बनीं तो बारिश में पानी भरने से बैठ गयीं और ऊबड़ खाबड़ होने से राहगीरों के लिए परेशानी …
बरेली, अमृत विचार। करीब डेढ़ साल से टूटी, उखड़ी सड़कों की दुश्वारियां झेल रहे शहर के लोगों को अभी राहत मिलने वाली नहीं है। अभी सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदा गया था। जैसे-जैसे सड़कें बनीं तो बारिश में पानी भरने से बैठ गयीं और ऊबड़ खाबड़ होने से राहगीरों के लिए परेशानी खड़ी कर रही हैं। दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। तेज गति से चलने वाले दोपहिया वाहन सवार तो कई बार गिर चुके हैं। ये दिक्कतें दूर हुई नहीं कि एक बार फिर सड़कों को खोदे जाने की चर्चा शुरू हो गयी।
सरकारी विभागों के बीच आपसी समन्वय की कमी का खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ेगा। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट लोगों को राहत देने के बजाय उनकी परेशानी को बढ़ा रहा है। स्मार्ट सिटी के तहत कुछ दिन पहले नया काम स्वीकृत हुआ है। इसके तहत चौकी चौराहे से गांधी उद्यान और फिर श्यामगंज फ्लाईओवर तक रोड को खूबसूरत बनाकर उसे चमकाया जाना है।
स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि दोनों सड़कों पर बिजली के पोल हटाकर लाइन भूमिगत की जाएगी। इसके लिए सड़क की खुदाई फिर से करनी होगी। जबकि अभी कुछ दिन पहले ही गांधी उद्यान से चौकी चौराहे की ओर जल निगम ने सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की थी।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत प्रमुख सड़कों के दो चरणों में सौंदर्यीकरण के लिए रकम मंजूर हो चुकी है। उनका कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और मेयर उमेश गौतम की मौजूदगी में उद्घाटन भी किया जा चुका है। पहले चरण की स्मार्ट सड़कों का निर्माण जल्द शुरू किया जाना है। पहले चरण में 61.51 करोड़ से सात सड़कों के निर्माण होने हैं।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण किया जाना है। पहले चरण में सात सड़कों को चुना गया है। इन सड़कों के निर्माण में करीब 61.51 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। इन सड़कों की लंबाई करीब 5.62 किलोमीटर है।
सड़कों को स्मार्ट बनाने के साथ ही पटेल चौक, चौकी चौराहा और गांधी उद्यान चौराहा का सौंदर्यीकरण भी शामिल है। इसमें दो सड़कें चौकी चौराहे से गांधी उद्यान और फिर वहां से श्यामगंज फ्लाईओवर तक रोड का चौड़ीकरण करने के साथ उसका पूरा कायाकल्प किया जाना है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के वरिष्ठ महाप्रबंधक व मुख्य अभियंता निर्माण बीके सिंह इस काम को शुरू कराने के लिए सड़कों का निरीक्षण भी कर चुके हैं। उनका कहना है कि इन दोनों रोड का स्मार्ट बनाने के लिए वहां सभी बिजली लाइनों को भूमिगत किया जाना है। साथ ही आधुनिक उपकरण रखे जाएंगे, जो बहुत ही कम जगह पर घेरेंगे।
