हल्द्वानी: आप ने भी ठोंकी ताल, उपचुनाव लड़ने को पार्टी आलकमान के आदेश का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। आम आदमी पार्टी ने भी हल्द्वानी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर अपनी ताल ठोंक दी है। पार्टी के स्थानीय नेताओं का कहना है कि किसी भी परिस्थिति के लिए पार्टी तैयार है और अगर पार्टी आलाकमान की ओर से आदेश होता है तो पार्टी हल्द्वानी में होने वाले उपचुनाव …

हल्द्वानी, अमृत विचार। आम आदमी पार्टी ने भी हल्द्वानी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर अपनी ताल ठोंक दी है। पार्टी के स्थानीय नेताओं का कहना है कि किसी भी परिस्थिति के लिए पार्टी तैयार है और अगर पार्टी आलाकमान की ओर से आदेश होता है तो पार्टी हल्द्वानी में होने वाले उपचुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेगी।

राज्य गठन के बाद से ही उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस का बोलबाला रहा। शुरूआती विधानसभा चुनाव में बसपा ने भी अपने प्रदर्शन चौंकाया था लेकिन बाद में बसपा का राजनीतिक ग्राफ नीचे गिरता चला गया। इधर पिछले एक साल से उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी अपना आधार बनाने की कोशिश कर रही है। बिजली, सड़क, पानी जैसे परंपरागत मुद्दों के साथ ही आप भ्रष्टाचार के मामलों को भी जोर शोर उठा रही है।

पार्टी ने सभी 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान भी किया है। हालांकि अभी भाजपा और कांग्रेस के एजेंडे आप नहीं है लेकिन पार्टी के अन्य राज्यों में प्रदर्शन को देखते हुए कहा जा सकता है कि आप दोनों ही बड़े दलों को चौंका तो सकती ही है। इधर हल्द्वानी में विधानसभा का उपचुनाव होना है। ऐसे में हल्द्वानी सीट पर मुकाबला रोचक बन रहा है। हालांकि पार्टी के स्थानीय नेता यह कहते हैं कि पार्टी आलाकमान की ओर से जो भी निर्णय होगा उस पर अमल किया जाएगा। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता समित टिक्कू का कहना है कि अगर हल्द्वानी में उपचुनाव होता है तो पार्टी आलाकमान के आदेश के बाद पार्टी चुनाव लड़ेगी।

फिलहाल आप पार्टी के सूत्रों का कहना है कि हल्द्वानी सीट से समित टिक्कू को ही प्रोजेक्ट किया जा रहा है। ऐसे में अगर उपचुनाव में उम्मीदवार उतराने की बात आएगी तो समित टिक्कू के उम्मीदवार बनने की पूरी संभावना है। पार्टी फिलहाल घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रही है। दमुवाढूंगा के मालिकाना हक से लेकर हर स्थानीय मुद्दा उठा रही है। ऐसे में अगर उपचुनाव में आप अपना उम्मीदवार उतारती है तो मुकाबला रोचक होगा।

तीन जुलाई को आएंगे अजय कोठियाल
आप नेता अजय कोठियाल तीन जुलाई को हल्द्वानी का दौरा करेंगे। इस दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और अगले विधानसभा चुनाव के अलावा हल्द्वानी सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भी मंत्रणा करेंगे।

संबंधित समाचार