देवरिया: ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी से कहासुनी के बाद पथराव व फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवरिया। देवरिया जिले के भटनी में ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी का शनिवार की शाम को भटनी के छोटी गंडक नदी पुल पर कुछ लोगों से विवाद हो गया। इस दौरान पथराव व फायरिंग भी हुई। इससे आसपास दहशत फैल गई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर फायरिंग व पथराव का आरोप लगा रहे हैं। सूचना मिलने पर …

देवरिया। देवरिया जिले के भटनी में ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी का शनिवार की शाम को भटनी के छोटी गंडक नदी पुल पर कुछ लोगों से विवाद हो गया। इस दौरान पथराव व फायरिंग भी हुई। इससे आसपास दहशत फैल गई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर फायरिंग व पथराव का आरोप लगा रहे हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक भटनी क्षेत्र के नोनापार के रहने वाले गिरधारी तिवारी हियुवा के जिला उपाध्यक्ष हैं जो भटनी क्षेत्र से ब्लॉक प्रमुख पद की दावेदारी कर रहे हैं। शनिवार की देर शाम लगभग 8 बजे उनका काफिला भटनी के गंडक नदी के पक्के पुल पर पहुंचा। यहां उनकी गाड़ी में सवार एक व्यक्ति गुटखा खरीदने गया। इसी दौरान किसी बात को लेकर उस व्यक्ति का दुकानदार से विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान काफी भीड़ एकत्र हो गई। इसी बीच पथराव शुरू हो गया। उसी दौरान लगातार फायरिंग भी हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया।

इसके कुछ ही देर बाद दूसरे पक्ष के लोग भटनी के पूर्व चेयरमैन विजय कुमार गुप्त के नेतृत्व में भटनी के गंडक नदी के पुल पर जमा हो गए और हियुवा नेता पर हमला करने का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। यह सभी लोग हियुवा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे एसडीएम भाटपाररानी, सीओ पंचमलाल ने उन्हें समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया। तनाव को देखते हुए मौके पर भटनी के अलावा खामपार व भाटपाररानी पुलिस की तैनाती कर दी गई। मामले में हियुवा नेता गिरधारी तिवारी का कहना था कि उनके ऊपर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। किसी तरह से वह वहां से भाग कर अपनी जान बचाई।

घटना को लेकर पूर्व चेयरमैन विजय कुमार गुप्त की अगुवाई में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर पक्के पुल पर लोगों ने जाम लगा दिया। घटना को लेकर रात में समझौता करने के लिए संभावित ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी की ओर से काफी प्रयास किया गया लेकिन दूसरा पक्ष नहीं माना तो रविवार की सुबह पुलिस ने हियुवा नेता गिरधारी तिवारी सहित आधा दर्जन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ श्याम सुंदर तिवारी ने बताया की तहरीर के आधार पर गिरधारी तिवारी समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया हैं।

संबंधित समाचार