चीन से तनाव के बीच लद्दाख में सेना के दिग्गजों से मिले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, दिया ये मंत्र
लेह। भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लद्दाख की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के तहत लेह में 300 पूर्व सैनिकों के साथ बातचीत की और पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि केंद्र का उद्देश्य पूर्व सैनिकों का उसी तरह देखभाल करना है …
लेह। भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लद्दाख की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के तहत लेह में 300 पूर्व सैनिकों के साथ बातचीत की और पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि केंद्र का उद्देश्य पूर्व सैनिकों का उसी तरह देखभाल करना है जिस तरह से उन्होंने देश की सुरक्षा का ध्यान रखा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक रैंक एक पेंशन’ प्रदान करके सशस्त्र बल के सैनिकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा किया। रक्षा मंत्री ने लेह में 300 सैनिकों और पूर्व सैनिकों को संबोधित करने के दौरान ये बयान दिये। उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूर्व सैनिकों के अद्वितीय समर्पण की सराहना की। सिंह केन्द्रशासित प्रदेश के भीतरी और सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिये तीन दिवसीय यात्रा पर आज लेह पहुंचे।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय राजनीति में संकट इसलिए है क्योंकि नेताओं के शब्दों और कार्यों में बहुत अंतर है। उन्होंने कहा, “हां कुछ समस्याएँ ऐसी होती हैं जिनके कारण हम वह नहीं कर पाते जो हम करना चाहते हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम ऐसा नहीं करना चाहते हैं।” राजनाथ सिंह ने कहा, “जब से मैंने रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाला है, मैं कई बार अपने सैनिकों और पूर्व-सैनिकों से मिला हूं। इस दौरान कई घंटों तक बातचीत चली है। हमारा उद्देश्य है कि आप सभी का उसी तरह ख्याल रखा जाए जिस तरह आप सभी ने हमारे देश की सुरक्षा का ख्याल रखा है। इसके बावजूद अगर आप लोगों को कहीं कोई दिक्कत है तो उसके लिए हेल्पलाइन की भी व्यवस्था की गई है और आप अपने मुद्दे उठा सकते हैं।”
उन्होंने जवानों की सराहना करते हुए कहा कि देश के प्रति हमारे जवानों का समर्पण एक अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने कहा, “मैं अपने दिल की गहराइयों से सभी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। यह कृतज्ञता उस समर्पण के लिए है जिसके साथ आप सभी ने देश की सेवा की।” रक्षा मंत्री ने पूर्व-सैनिकों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए मोदी सरकार की तरफ से किये गये अन्य उपायों को सूचीबद्ध करते हुए कहा कि सेवा के बाद पुनर्वास के मुद्दे को हल करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, जिनमें पुनर्वास महानिदेशालय की तरफ से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन शामिल है।
उन्होंने कहा, “इन रोजगार मेलों में बड़ संख्या में रोजगार दिये जा रहे हैं हम इस काम में तेजी लाने की कोशिश कर रहे हैं।” रक्षा मंत्री ने कहा, “राष्ट्र के प्रति आपकी प्रतिबद्धता के लिए मैं एक बार फिर आप सभी के सामने अपना सिर झुकाना चाहता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।”
