बरेली: एयरपोर्ट तक सड़क फोरलेन में परिवर्तित कर बनेगी सर्विस रोड
बरेली, अमृत विचार। एयरपोर्ट बनने के बाद भी पीलीभीत रोड का कायाकल्प नहीं हुआ। लोक निर्माण विभाग ने सेटेलाइट से लेकर एयरपोर्ट तक सड़क को फोरलेन बनाने के लिए शासन में प्रस्ताव भेजा है लेकिन स्वीकृति अभी तक नहीं मिली है। अब पीलीभीत हाईवे की सड़क के साथ सेटेलाइट से इन्वर्टिस चौराहा और किला से …
बरेली, अमृत विचार। एयरपोर्ट बनने के बाद भी पीलीभीत रोड का कायाकल्प नहीं हुआ। लोक निर्माण विभाग ने सेटेलाइट से लेकर एयरपोर्ट तक सड़क को फोरलेन बनाने के लिए शासन में प्रस्ताव भेजा है लेकिन स्वीकृति अभी तक नहीं मिली है।
अब पीलीभीत हाईवे की सड़क के साथ सेटेलाइट से इन्वर्टिस चौराहा और किला से लेकर झुमका तिराहे तक सड़क को फोरलेन बनवाने के लिए जिलाधिकारी नितीश कुमार ने योजना बनायी है। मंगलवार को जिलाधिकारी ने बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह समेत अन्य अधिकारियों के साथ तीनों मार्गों का निरीक्षण किया।
लोक निर्माण विभाग फोरलेन बनाने का कार्य करेगा तो बरेली विकास प्राधिकरण सर्विस रोड बनवाने के साथ सड़कों के दोनों साइडों में हरित पट्टिका भी बनवाएगा। जिलाधिकारी ने तीन मार्गों को फोरलेन में परिवर्तित कर सर्विस रोड बनाने के दिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि सेटेलाइट से एयरपोर्ट तक, सेटेलाइट से इन्वर्टिस तिराहा और किला से झुमका तिराहे तक के मार्गों को फोरलेन में परिवर्तित कर सर्विस लेन का निर्माण किया जाएगा।
कहा कि प्रथम चरण में सेटेलाइट से एयरपोर्ट तक के मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से कहा कि वे इस मार्ग के सर्विस रोड को तैयार करने का प्रस्ताव बनाएं। दूसरे चरण में इन्वर्टिस तक और तीसरे चरण में किला से झुमका तिराहे तक के मार्ग को फोरलेन में बदला जाएगा।
