लखीमपुर-खीरी: मिशन शक्ति से मिली खुशबू को अपराध से लड़ने की शक्ति
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। घर में अफीम होने की सूचना पुलिस को देकर पति व उसके साथी को पकड़वाने वाली खुशबू को एसपी ने गुरुवार को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया है। खुशबू का कहना है कि मिशन शक्ति से उसके मन में यह बात जागी कि वह गलत …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। घर में अफीम होने की सूचना पुलिस को देकर पति व उसके साथी को पकड़वाने वाली खुशबू को एसपी ने गुरुवार को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया है। खुशबू का कहना है कि मिशन शक्ति से उसके मन में यह बात जागी कि वह गलत राह पर जा रहे पति से लड़ सकती है।
एसपी विजय ढुल ने बताया कि 19 जून को ग्राम सिसौरा निवासी खुशबू ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी थी कि उसके घर में पति गुरमुख सिंह के पास भारी मात्रा में नशीला पदार्थ है। सूचना पर सीओ धौरहरा के नेतृत्व में थाना फूलबेहड़ पुलिस व पीआरवी 2892 की टीम ने दबिश देकर छह पैकटों में पांच किलो 45 ग्राम अवैध अफीम और 43 हजार रुपये बरामद कर गुरमुख सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही उसके एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार किया था।
थाना फूलबेहड़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया था। गुरुवार को एसपी विजय ढुल ने खुशबू के साहसपूर्ण कार्य की सराहना की और अपने कार्यालय में उसे पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। एसपी ने सभी सभी महिलाओं को खुशबू से प्रेरणा लेकर विपरीत परिस्थितयों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपराध मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया।
