यूपी: पुलिस भर्ती परीक्षा परिणाम जारी, संदीप यादव ने मारी बाजी, ये रहे दूसरे स्थान पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने गुरुवार अलग-अलग पदों पर भर्ती के लिए हुई परीक्षा का परिणाम जारी करते हुए बताया कि तीनों ही पदों के लिए हुई भर्ती परीक्षा में पुरुष संवर्ग में गाजीपुर निवासी संदीप यादव प्रथम स्थान पर रहे। वहीं महाराजगंज के अम्बरीष सिंह व देवरिया के मुकेश यादव तीसरे …

लखनऊ। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने गुरुवार अलग-अलग पदों पर भर्ती के लिए हुई परीक्षा का परिणाम जारी करते हुए बताया कि तीनों ही पदों के लिए हुई भर्ती परीक्षा में पुरुष संवर्ग में गाजीपुर निवासी संदीप यादव प्रथम स्थान पर रहे। वहीं महाराजगंज के अम्बरीष सिंह व देवरिया के मुकेश यादव तीसरे स्थान पर रहे। संदीप व मुकेश का चयन जेल वार्डर के पद के लिए तथा अम्बरीष का चयन फायरमैन के पद के लिए हुआ है। वहीं जेल वार्डर महिला के पदों के लिए हुई परीक्षा में मथुरा की शिवा चौधरी अव्वल रहीं।

आनन्द नगर की वविता यादव दूसरे तथा संतकबीरनगर की रीता चौहान तीसरे स्थान पर रहीं। अधिकारियों ने बताया कि जेल वार्डर, फायरमैन और कास्टेबल घुड़सवार पुलिस के 5805 पदों पर सीधी भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। कारागार प्रशासन व सुधार विभाग में जेल वार्डर के 3012 व महिला जेल वार्डर के 629 पदों के लिए, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 102 तथा फायरमैन (पुरुष) के 2065 पदों के लिए सीधी भर्ती के परीक्षा आयोजित हुई थी।

डीजी भर्ती बोर्ड आरके विश्वकर्मा ने बताया कि कुल 5805 पदों के लिए भर्ती परिणाम घोषित किया गया है। इस चयन प्रक्रिया के तहत 6.83 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। 19 व 20 दिसंबर 2020 को लिखित परीक्षा कराई गई थी। जिसमें सफल अभ्यर्थियों की अभिलेखों की जांच व शारीरिक मानक व शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई गई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक भर्ती बोर्ड कुल 143581 पदों पर सफल अभ्यर्थियों का चयन कर चुका है। इनमें उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों के अलावा आरक्षी व समकक्ष पदों के लिए भर्ती, लिपिक संवर्ग की भर्ती, कंप्यूटर आपरेटर व मृतक आश्रित भर्ती भी शामिल हैं।

संबंधित समाचार