बरेली: सूदखोरी से परेशान महिलाएं पहुंचीं डीएम कार्यालय, की शिकायत
बरेली, अमृत विचार। सूदखोर से परेशान चार लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी फरियाद जिलाधिकारी के समने सुनाई। आरोप है कि एक व्यक्ति से चारों लोगों से दो साल पहले कुछ रुपया कर्ज पर लिया था। जिसका असल और ब्याज चुका दिया है। इसके बाद भी सूदखोर लाखों की रकम बकाया बता रहा है। एसएसपी कार्यालय …
बरेली, अमृत विचार। सूदखोर से परेशान चार लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी फरियाद जिलाधिकारी के समने सुनाई। आरोप है कि एक व्यक्ति से चारों लोगों से दो साल पहले कुछ रुपया कर्ज पर लिया था। जिसका असल और ब्याज चुका दिया है। इसके बाद भी सूदखोर लाखों की रकम बकाया बता रहा है। एसएसपी कार्यालय में भी कई बार शिकायत कर चुकीं हैं, इसके बाद भी आरोपी घर में घुसकर बच्चियों व परिजनों के साथ मारपीट करता है और संपत्ति पर कब्जा करने की धमकी दे रहा है। कुछ दिन पहले एसएसपी से शिकायत के बाद भी स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।
आंवला में एक ही सूदखोर से कई लोगों के प्रताड़ित होने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को आंवला के रहने वाले चार लोग सूदखोर की जिलाधिकारी से शिकायत की। शिकायतकर्ताओं में तीन महिलाएं व एक पुरुष शामिल हैं। डीएम से शिकायत करने पहुंची रफत पत्नी असलम खान ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले 17 हजार रुपए 10 प्रतिशत ब्याज पर उधार लिए थे।
एक साल बाद महिला ने सूदखोर को मय ब्याज के 45 हजार रुपए वापस कर दिए थे। इसके बाद भी आरोपी 3,41,467 रुपए बकाया बताकर परेशान कर रहा है। वहीं आंवला की ही निवासी मुस्तरी बेगम ने आरोपी से 25 हजार रुपए उधार लिए थे जिन्हें 10 प्रतिशत ब्याज के साथ वापस करना था। महिला अभी तक 50 हजार मय ब्याज के वापस कर चुकी हैं जिसके बाद भी आरोपी 1,34,821 रुपए का बकाया कर्ज बता रहा है।
वहीं तीसरी फरियादी रानी ने बताया कि उन्होंने 30 हजार रुपए का कर्ज आरोपी से लिया था। जिसका वह एक लाख आठ हजार रुपए वापस कर चुकीं हैं इसके बावजूद भी आरोपी उनपर चार लाख का कर्ज निकाल कर प्रताड़ित कर रहा है। वहीं चौथे पीड़ित सलीम ने बताया कि लॉकडाउन से पहले उन्होंने आरोपी से 5 हजार का कर्ज लिया था जिसका उन्होंने 35 हजार रुपए वापस कर दिया था। इसके बाद भी आरोपी उनपर 42,704 रुपयों का कर्ज बताकर परेशान कर रहा है।
देनदार घर में घुसकर करता है मारपीट और संपत्ति पर कब्जे की धमकी
महिलाओं ने डीएम से शिकायत में बताया कि आरोपी असल और ब्याज चुकता करने के बाद भी लाखों की राशि बकाया निकालकर मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर रहा है। साथ ही जबरन घर में घुस कर महिलाओं व बच्चियों के साथ मारपीट भी करता है। वहीं आरोपी ने पीड़िता रानी के मंदबुद्धि पति को बहला फुसलाकर उसके मकान की रजिस्टि्री भी करा ली है। बाकी लोगों की संपत्ति पर भी कब्जा करने की धमकी दे रहा है।
एक ही व्यक्ति ने कई लोगों को दिया है कर्ज
डीएम से सूदखोरी की शिकायत करने पहुंची महिला ने बताया कि उन सभी ने जिस व्यक्ति से कर्ज लिया है वह मूल रूप से मीरगंज तहसील के अगरास गांव का निवासी है। वर्तमान में आरोपी आंवला के गंज मोहल्ले में रह रहा है। बताया कि हमारी तरह करीब 15 लोग हैं जिन्होंने आरोपी से कर्ज लिया था, लेकिन ज्यादातर लोगों ने कर्ज चुका दिया है, जिसके बाद भी आरोपी ज्यादा कर्जा निकालकर मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर रहा है। 25 जून को पीड़ितों ने एसएसपी से भी मामले की शिकायत की थी लेकिन उसके बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की अनदेखी और आरोपी की साठगांठ कब लोगों की मौत में तब्दील हो जाए यह कोई नहीं जानता।
कार्रवाई नहीं हुई तो आत्महत्या ही रास्ता
डीएम से सूदखोर की शिकायत करने पहुंचे लोगों का कहना है कि आरोपी लगातार मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर रहा है। पुलिस से शिकायत करने पर भी कोई मदद नहीं मिली, स्थानीय पुलिस ने आरोपी की जगह हमें ही डराकर चुप करा दिया। अभी भी अगर कुछ नहीं हुआ तो हमारे और बच्चों के सामने आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा और मजबूरन हमें वही कदम उठाना पड़ेगा।
