बरेली: भीड़ के पहुंचने पर किला बिजली उपकेन्द्र का बंद किया गया गेट
बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग बेहाल हो गए है। शुक्रवार की रात तेज हवा में हुए फाल्ट के बाद पूरे शहर में ब्लैक आउट हो गया था। शनिवार की दोपहर तक जब किला उपकेंद्र से जुड़े लीची बाग में बिजली नहीं आई तो लोगों में आक्रोश फूट …
बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग बेहाल हो गए है। शुक्रवार की रात तेज हवा में हुए फाल्ट के बाद पूरे शहर में ब्लैक आउट हो गया था। शनिवार की दोपहर तक जब किला उपकेंद्र से जुड़े लीची बाग में बिजली नहीं आई तो लोगों में आक्रोश फूट गया। बिजली न मिलने से नाराज लोगों की भीड़ ने किला बिजली उपकेंद्र पर पथराव कर उसमे आग लगाने का प्रयास किया। जिसके बाद उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह दरवाजा बंद करके अपनी जान बचाई। पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को खदेड़ दिया।
शुक्रवार की रात नौ बजे के समय अचानक मौसम का मिजाज बदला था। उसके बाद तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। जिसमें शहर के सभी उपकेंद्र पर बिजली की सप्लाई बंद कर दी गई। किला उपकेंद्र से जुड़े लीची बाग में बिजली के पोल गिरने से क्षेत्र की बिजली सप्लाई बधित हो गई। रात में कर्मचारी उसे सही करने पहुंचे लेकिन अंधेरा होने की वजह से फाल्ट ठीक नहीं हो सका।
उसके बाद शनिवार की दोपहर तक बिजली न आने से लोग का सब्र जवाब दे गया। आक्रोशित लोग सैकड़ों की संख्या में जमा होकर किला उपकेंद्र का घेराव कर दिया। बताया जा रहा है कि भीड़ ने बिजली कर्मचारियों पर हमला करने के इरादे से पथराव कर दिया। भीड़ ने उपकेंद्र पर आग लगाने का भी प्रयास किया। जिसके बाद कर्मचारियों ने गेट बंद करके अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर बाकरगंज चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो उपद्रवी भीड़ को लाठिया फटकार के भगा दिया।
सिटी स्टेशन पर पोल टूटने से बिजली गुल
शुक्रवार को आई तेज हवा से सिटी स्टेशन के पास बिजली का एक पोल टूटकर गिर गया। जिसके चलते बिहारीपुर, चौपुला, सिविल लाइंस समेत कई इलाकों में 10 घंटे से अधिक बिजली गुल रही। अवर अभियंता सानेन्द्र सिंह ने बताया कि पोल टूटने की सूचना पर कर्मचारियों को मौके पर भेजकर उसे ठीक कराया गया था। शनिवार की शाम चार बजे तक तक बिजली की सप्लाई बधित रही। काम पूरा होने के बाद बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई थी।
बंडिया गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने से पूरी रात गुल रही बिजली
सीबीगंज थाना क्षेत्र के बंडिया गांव में रात करीब 11 बजे अचानक ओवरलोडिंग की वजह से क्षेत्र के कई गांवो में बिजली गुल हो गई। जिसके बाद पूरी रात बिजली न आने से इंर्वटर भी जबाव दे गए। वही किला के चंदननगर, आनंद बिहार, स्वालेनगर, बाकरगंज, सुभाषनगर के करेली, करगैना, मढ़ीनाथ, शांति बिहार, समेत शहर के अन्य इलाकों में बिजली की कटौती से लोग बेहाल दिखाई दिए।
चीफ इंजिनियर कार्यालय से नहीं निकलते, अधिकारी फोन नहीं उठाते
गर्मी के प्रकोप के साथ जिले में शहर से लेकर देहात तक में बिजली कस संकट गहरा गया है। जिससे लोगों में बिजली निगम के प्रति काफी आक्रोश है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली कटौती के बाद जब अधिकारियों को फोन करो तो उनका फोन नहीं उठता है। वही मंडल के बिजली निगम के मुख्य अभियंता तो अपने कार्यालय से ही बाहर नहीं निकलते।
फाल्ट की वजह से लीची बाग में बिजली नहीं आ रही थी। इससे नाराज लोगों ने किला उपकेन्द्र का घेराव कर पथराव किया। पुलिस के पहुंचने पर सभी लोग मौके से फरार हो गए। -जसीम अख्तर, उपखंड अधिकारी किला
आज पूरा दिन जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मौजूद रहा। किला उपकेन्द्र पर हंगामे या पथराव की कोई सूचना हमारे पास नहीं है। अगर लिखित में कोई तहरीर आती है तो जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। -राजकुमार तिवारी, किला इंस्पेक्टर
