बदायूं: वाहन की टक्कर से शाहजहांपुर के युवक समेत दो की मौत
बदायूं, अमृत विचार। थाना अलापुर क्षेत्र के गांव अभियासा के पास अज्ञात वाहन ने टेंपो को टक्कर मार दी। जिसमें शाहजहांपुर के युवक समेत दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में काम करते थे और अपने गांव जा रहे थे। दुर्घटना के बाद टेंपो का चालक फरार हो गया। …
बदायूं, अमृत विचार। थाना अलापुर क्षेत्र के गांव अभियासा के पास अज्ञात वाहन ने टेंपो को टक्कर मार दी। जिसमें शाहजहांपुर के युवक समेत दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में काम करते थे और अपने गांव जा रहे थे। दुर्घटना के बाद टेंपो का चालक फरार हो गया।
शाहजहांपुर के थाना कलान के गांव बाराकलां निवासी सुमित (18) पुत्र श्रीपाल और बदायूं के थाना हजरतपुर के गांव बमनपुरा निवासी अमित पाल (28) पुत्र अवधेश गाजियाबाद की फैक्ट्री में काम करते थे। अमित पाल काफी समय से काम कर रहे थे जबकि सुमित 20 दिन पहले ही काम करने गाजियाबाद गए थे। शनिवार शाम फैक्ट्री का काम निपटाने के बाद रोडवेज बस इंतजार करने लगे।
शाहजहांपुर के लिए सीधी रोडवेज बस नहीं मिली तो बदायूं डिपो की रोडवेज बस में सवार हो गए। रात के समय डिपो चौराहे पर उतरे और अपने घर जाने के लिए वाहन का इंतजार करने लगे। डिपो चौराहे से ही एक टेंपो हायर किया। जिसमें तीन युवक बैठे।
टेंपो अलापुर थाना क्षेत्र के गांव अभियासा पहुंचा। वहां किसी अज्ञात वाहन ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर तेज होने की वजह से सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। टेंपो में बैठे तीसरे युवक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अमित पाल को जिला अस्पताल भेजा।
जहां डॉक्टर ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया लेकिन बरेली पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने युवक की शिनाख्त की और उसके गांव बाराकलां के ग्राम प्रधान को फोन किया। प्रधान ने युवक के परिजनों को जानकारी दी। परिजन सुबह के समय जिला अस्पताल पहुंच गए।
